ईरान और इजराइल के बीच हमलों का दौर जारी है। ताजा हमलों में ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइलों का दूसरा अटैक इजराइल पर कर दिया है। ईरान की ये मिसाइलें न केवल इजराइल में घुसने में कामयाब रही हैं, बल्कि इजराइल की राजधानी तेल अवीव तक में इसके कारण धमाके हो रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार इजराइल को इन हमलों में भारी नुकसान हुआ है। हालांकि आधिकारिक रूप से अभी कुछ के घायल होने का जानकारी सामने आई है।
मध्य इजराइल में मची तबाही
ईरान की एक मिसाइल के शनिवार सुबह मध्य इजराइल में घरों के पास गिरने से 10 लोग घायल हो गए। इजराइल की चिकित्सा सेवा ने यह जानकारी दी। चिकित्सा सेवा ‘मैगन डेविड एडोम’ के निदेशक एली बिन ने इजराइल के ‘चैनल 12’ को बताया कि एक महिला की हालत गंभीर है। इसने कहा कि कई लोग अब भी घटनास्थल पर फंसे हुए हैं।

ईरान की मिसाइलों को रोकने की कोशिश करता हुआ आयरन डोम
यरुशलम और तेल अवीव में गिरीं मिसाइलें
इजराइल के हमले के बाद ईरान ने शुक्रवार को जवाबी कार्रवाई करते हुए इजराइल पर दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिससे यरुशलम और तेल अवीव के ऊपर आसमान में विस्फोट हुए। शनिवार सुबह यरुशलम के ऊपर आसमान में सायरन और धमाकों की आवाजें फिर सुनाई दीं जो इस बात का संकेत देती हैं कि ईरान ने फिर से हमला किया है। हमलों के बीच इजराइली सेना ने नागरिकों से सुरक्षित स्थानों में जाने का आग्रह किया है। ईरान के अर्धसैनिक बल ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ के साथ घनिष्ठ संबंध रखने वाली ईरानी वेबसाइट ‘नूर न्यूज’ ने कहा कि नए हमले शुरू किए गए हैं। तेल अवीव में ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के पत्रकारों ने कम से कम दो ईरानी मिसाइलों को जमीन पर गिरते देखा।

ईरान के हमले में घायल महिला
तेल अवीव में बमबारी में 34 लोग घायल
ईरान की तरफ से दूसरे दिन किए गए हमलों में घायल हुए सात लोगों का तेल अवीव के एक अस्पताल में इलाज किया गया। घायलों में एक की हालत गंभीर है। इजराइल की अग्निशमन और बचाव सेवाओं ने कहा कि प्रक्षेपास्त्र के एक इमारत से टकराने के कारण ये लोग घायल हुए। इजराइली स्वास्थ्य सेवाओं ने कहा कि तेल अवीव में बमबारी में 34 लोग घायल हुए हैं जिनमें एक महिला भी शामिल है।
