Iran Israel War: इजराइल के हमले के बाद अब ईरान ने इजराइल पर पलटवार करना शुरू कर दिया है। इजराइल ने जहां ड्रोन और फाइटर जेट्स से हमले किए थे, वहीं ईरान ने एक के बाद एक सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइलें से इजराइल पर हमला बोला है। ईरान के ये मिसाइल, इजराइल में घुसने में कामयाब रही हैं और तेल अवीव में कई धमाके हुए हैं।
ईरान का ऑपरेशन सिवियर पनिशमेंट
ईरान ने शुक्रवार को इजराइल की ओर सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइल दागीं। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने यह जानकारी दी। एजेंसी के मुताबिक, ईरान ने देश के परमाणु और सैन्य स्थलों पर इजराइल के भीषण हमलों के जवाब में यह कदम उठाया। उसने बताया कि ईरानी सेना ने इजराइल के खिलाफ अपने अभियान को ‘सिवियर पनिशमेंट’ (गंभीर सजा) नाम दिया है।
बीच लड़ाई अमेरिका कूदा
शुक्रवार को जब इजराइल ने ईरान पर हमला किया तो अमेरिका ने साफ कहा कि वो इस लड़ाई में शामिल नहीं है, लेकिन जैसे ही ईरानी मिसाइलें तेल अवीव पहुंचने लगी, अमेरिका मैदान में आ उतरा और मिसाइलों को रोकने की कोशिश करने लगा। अमेरिकी सेना ईरान की ओर से इजराइल पर जवाबी कार्रवाई में दागी गई मिसाइल को रोकने में मदद कर रही है। अमेरिका के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि अमेरिका मिसाइल रोकने में सहायता करने और क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को बेहतर सुरक्षा प्रदान करने के लिए इजराइल के करीब अपनी प्रणालियों को ले जा रहा है। अधिकारी ने यह नहीं बताया कि अमेरिका ने किस तरह से सहायता प्रदान की, लेकिन अमेरिकी वायु सेना के लड़ाकू विमानों और विध्वंसक मिसाइल रक्षा प्रणाली ने पिछले हमलों के दौरान मिसाइल को रोका है। अधिकारी ने अपनी पहचान गोपनीय रखे जाने की शर्त पर यह जानकारी दी।
