दुनिया

तू-तू मैं-मैं के बाद सुलह का रास्ता साफ... मस्क ने ट्रंप के साथ विवाद पर जताया अफसोस; कह दी ये बात

Musk Trump Controversy: अरबपति एलन मस्क ने बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ हफ्तेभर चली खींचतान के लिए अफसोस जताया है। सोशल मीडिया पर दोनों के बीच हुई 'तू-तू मैं-मैं' को दुनियाभर के लोगों ने देखा जिसके लिए एक 'बिग ब्यूटीफुल बिल' को जिम्मेदार माना जा रहा है।

Image

अरबपति एलन मस्क (बाएं) और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (दाएं)

Photo : REUTERS

Musk Trump Controversy: अरबपति एलन मस्क ने बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ हफ्तेभर चली खींचतान के लिए अफसोस जताया है। सोशल मीडिया पर दोनों के बीच हुई 'तू-तू मैं-मैं' को दुनियाभर के लोगों ने देखा जिसके लिए एक 'बिग ब्यूटीफुल बिल' को जिम्मेदार माना जा रहा है। हालांकि, अब यह विवाद सुलझता हुआ दिखाई दे रहा है, क्योंकि खुद एलन मस्क ने 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए अफसोस जताया है।

मस्क ने क्या कुछ कहा?

मस्क ने ट्रंप से माफी मांगते हुए कहा कि मुझे पिछले सप्ताह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बारे में अपनी कुछ पोस्ट पर पछतावा है। जो कुछ हुआ वह बहुत ज्यादा हो गया था।

दरअसल, मस्क और ट्रंप के बीच विवाद तब बढ़ गया था जब मस्क ने डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) चीफ पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद मस्क ने ट्रंप के खर्च और टैक्स कटौती वाले विधेयक की कड़ी आलोचना की थी।

इतना ही नहीं, मस्क ने एक्स पर ट्रंप के इंपीचमेंट (महाभियोग) के समर्थन में पोस्ट किया था, हालांकि उसे बाद में डिलीट कर दिया। बात इतनी बढ़ी कि मस्क ने ट्रंप के जेफरी एपस्टीन से पुराने संबंधों का भी जिक्र किया, जिसे ट्रंप ने पुराना और झूठा मुद्दा बताया। बाद में इस पोस्ट को भी डिलीट कर दिया गया। तल्खी इस कदर बढ़ गई थी कि मस्क ने ये तक कह दिया था कि- मेरे बिना, ट्रंप चुनाव हार जाते।

हालांकि, मस्क ने ऐसे मौके पर माफी मांगी जब ट्रंप ने हाल ही में साफ कर दिया था कि उनका रिश्ता स्पेसएक्स के सीईओ के साथ खत्म हो चुका है।

मस्क पर भारी पड़े ट्रंप

ट्रंप ने शनिवार को कहा था कि मस्क के साथ रिश्ते को सुधारने की उनकी कोई इच्छा नहीं है और चेतावनी दी कि अगर मस्क आगामी चुनावों में डेमोक्रेट्स की मदद करने की कोशिश करते हैं तो उन्हें 'गंभीर परिणामों' का सामना करना पड़ सकता है। ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उनका मस्क के साथ संबंध सुधारने का कोई इरादा नहीं है।

ट्रंप ने कहा था कि मैं अन्य कामों में बहुत व्यस्त हूं। आप जानते हैं, मैंने भारी मतों से चुनाव जीता है। मैंने उन्हें बहुत सारे मौके दिए, ऐसा होने से बहुत पहले, मैंने उन्हें अपने पहले प्रशासन में मौके दिए। अपने पहले प्रशासन में उनकी जान बचाई, मेरा उनसे बात करने का कोई इरादा नहीं है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article