Austria School Firing: ऑस्ट्रिया के ग्राज शहर में मंगलवार को एक स्कूल में हुई गोलीबारी में 9 लोगों की मौत हो गई , जबकि कई अन्य घायल भी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि स्कूल में गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई देने के बाद मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई।
गृह मंत्रालय ने कहा कि कई लोगों की मौत हुई है। वारदात को किसने अंजाम दिया, इस बारे में भी तत्काल कोई जानकारी नहीं है, लेकिन कहा जा रहा है कि संदिग्ध हमलावर की भी मौत हो गई है। मेयर एल्के काहर ने इस घटना को भयानक त्रासदी बताया है।
किसने चलाईं गोलियां
स्कूल गोलीबारी में शामिल संदिग्ध हमलावर, जो एक छात्र था, ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना उत्तर-पश्चिम ग्राज में स्थित BORG Dreierschutzengasse स्कूल में हुई, जो शहर के सेंट्रल ट्रेन स्टेशन के नजदीक है। पुलिस ने बताया कि उन्हें सुबह 10 बजे (स्थानीय समयानुसार) सूचना मिली और कुछ ही देर बाद स्कूल की इमारत के अंदर से गोलियों की आवाजें सुनाई दीं।
स्कूल को कराया गया खाली
बकौल पुलिस, गोलीबारी की घटना को देखते हुए स्कूल को खाली कराया गया है और सभी को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। फिलहाल स्थिति 'सुरक्षित' है। सनद रहे कि ऑस्ट्रिया का दूसरा सबसे बड़ा ग्राज शहर देश के दक्षिण-पूर्व में स्थित है और यहां की आबादी लगभग 3 लाख है।
