Bomb Threat: अमेरिका के सैन डिएगो एयरपोर्ट पर एक विमान में बम होने की धमकी मिलने बाद उसे खाली कराया गया। इस मामले में एक गिरफ्तारी भी हुई है। इस विमान में सवार सभी 293 लोगों को बाहर निकाला गया और एक सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सैन डिएगो इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के लिए तैयार हवाईयन एयरलाइंस के एक विमान पर संभावित बम होने की धमकी मिलने के बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और फिर विमान को खाली कराया गया।
क्या है पूरा मामला ?
होनोलुलु जाने वाले एयरबस ए330 को स्थानीय समयानुसार सोमवार सुबह 8:45 बजे उन हालातों में उड़ान भरने से रोका गया जब एक फ्लाइट अटेंडेंट ने फ्लाइट कैप्टन को सूचित किया कि एक यात्री ने विमान में संभावित बम होने की सूचना दी। इसके बाद कैप्टन ने पुलिस, एफबीआई और SWAT टीम को बुलाया जिसके बाद विमान को कोना-कोना खंगाला गया।
पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया कि विमान में यात्रियों के लिए कोई खतरा नहीं था। वहां पर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। हवाईयन एयरलाइंस ने एक बयान में कहा कि एक अतिथि को हमारे विमान की सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए सुना गया था और कैप्टन ने एहतियातन अधिकारियों से संपर्क किया।
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, सैन डिएगो बंदरगाह के प्रवक्ता ब्रायन मुंडी पेज ने एक ईमेल में बताया कि एक गिरफ्तारी हुई है। संदिग्ध या संभावित आरोपों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी गई। हालांकि, जानकारी बाद में जारी करने का आश्वासन दिया गया।
