Golden Dome: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने महत्वाकांक्षी 'गोल्डन डोम' मिसाइल डिफेंस सिस्टम परियोजना का ऐलान किया है। इस सिस्टम को बनाने में लगभग 175 बिलियन डॉलर खर्च होंगे।
ट्रंप ने क्या कुछ कहा?
ओवल ऑफिस से बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह मिसाइल डिफेंस सिस्टम मेरा कार्यकाल खत्म होने से पहले पूरी तरह से शुरू हो जाएगा। बता दें कि ट्रंप का कार्यकाल 2029 में समाप्त हो रहा है। ट्रम्प ने यह भी ऐलान किया कि जनरल माइकल गुएटलीन, जो वर्तमान में अंतरिक्ष संचालन के उप प्रमुख के रूप में कार्य करते हैं, गोल्डन डोम की प्रगति की देखरेख करेंगे।
यूएस स्पेस फोर्स के प्रमुख जनरल चांस साल्ट्ज़मैन ने मंगलवार को एक सुनवाई में सांसदों को बताया कि गोल्डन डोम के लिए स्पेस बेस्ड हथियार ऐसे मिशनों के लिए नई और उभरती हुई जरूरतों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिन्हें सैन्य अंतरिक्ष संगठनों द्वारा पहले कभी पूरा नहीं किया गया है।
पुतिन से बात करेंगे ट्रंप
बकौल रिपोर्ट, चीन और रूस के पास स्पेस में ऐसे हथियार (सैटेलाइट) मौजूद हैं, जो अमेरिकी सैटेलाइट्स को निष्क्रिय कर सकते हैं। पिछले साल अमेरिका ने कहा था कि रूस एक अंतरिक्ष आधारित परमाणु हथियार विकसित कर रहा है, जो अंतरिक्ष में लंबे समय तक घूम सकता है और एक ऐसा हमला कर सकता है जिससे आसपास मौजूद तमाम सैटेलाइट्स तबाह हो सकती हैं।
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने अब तक रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से इस परियोजना के बारे में बात नहीं की, लेकिन सही समय आने पर वह बात करेंगे।
अमेरिका की रक्षा करेगा गोल्डन डोम
ट्रंप ने बताया कि रोनाल्ड रीगन (अमेरिका के 40वें राष्ट्रपति) इसे कई साल पहले बनाना चाहते थे, लेकिन उनके पास तकनीक नहीं थी... उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान मैंने अमेरिकियों से वादा किया था कि मैं अपने देश को विदेशी मिसाइल हमलों के खतरे से बचाने के लिए अत्याधुनिक मिसाइल डिफेंस सिस्टम बनाऊंगा और हम आज यही कर रहे हैं...।
