Donald Trump: न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा का 80वां सत्र चल रहा है। दुनिया के गंभीर विषयों पर बड़े-बड़े नेता अपनी स्पीच दे रहे हैं। इसी सत्र में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी पहुंचे। उनके साथ अमेरिकी की पहली महिला और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप भी थी। ट्रंप और मेलानिया जैसे ही यूएन इमारत में सत्र वाले हिस्से में जाने के लिए एक्सीलेटर पर चढ़ने की कोशिश की तो अचानक से वह रुक गया। इस पर ट्रंप और मेलानिया ने कुछ सेकेंड तो इंतजार किया लेकिन एक्सीलेटर के नहीं चलने पर उन्होंने उसे चलते हुए पार किया। ट्रंप ने इस घटना का जिक्र सत्र को संबोधित करते हुए भी किया।
घटना की जांच की मांग
वहीं, व्हाइट हाउस ने एक्सीलेटर के नहीं चलने की घटना की जांच कराए जाने की मांग की है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि 'यह अस्वीकार्य है। यह तकनीकी खामी भर नहीं हो सकती है। यदि किसी ने जानबूझकर ऐसा किया है तो उसे तुरंत नौकरी से निकाला जाना चाहिए और इसकी जांच होनी चाहिए।' हालांकि, उतरते समय एक्सीलेटर ने ठीक तरीके से काम किया।
टेलीप्रॉम्पटर भी नहीं चला
एक्सीलेटर पर चलकर ऊपर आने के बाद ट्रंप और मेलानिया के चेहरे पर मुस्कान देखी गई लेकिन इसके कुछ समय बाद ट्रंप के साथ एक और अजीब घटना हो गई। सत्र में जैसे ही उन्होंने अपना संबोधन शुरू किया, उनके सामने लगे टेलीप्रॉम्पटर ने काम करना बंद कर दिया। इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने मजाकिया अंदाज में कहा कि 'जो कोई भी इस टेलीप्रॉम्पटर को चला रहा है, वह बड़ी मुश्किल में आने वाला है।' ट्रंप ने कहा कि वह अपना भाषण बिना टेलीप्रॉम्पटर के पूरा करेंगे। फिर उन्होंने अपने सामने रखे कागज को देखकर अपनी स्पीच पूरी की।
ट्रंप ने कहा-उपकरण पुराने हो चुके हैं
इस घटना के बारे में यूएन के एक अधिकारी ने बताया कि टेलीप्रॉम्प्टर को संयुक्त राष्ट्र की टीम नहीं, बल्कि व्हाइट हाउस की टीम संचालित कर रही थी। ट्रम्प ने बाद में अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, 'पोडियम तक जाने वाला एस्केलेटर रुक गया था और टेलीप्रॉम्प्टर भी खराब हो गया। इन टेक्निकल खामियों ने मेरे भाषण को और रोचक बना दिया। UN के उपकरण पुराने हो चुके हैं।'
'मुझे तो डर था कि कहीं गिर न जाएं'
ट्रम्प ने अपने भाषण में संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अमेरिकी फंडिंग में कटौती और चीन से समय पर फंड न मिलने की वजह से UN की हालत खराब हो गई है। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में यह भी जोड़ा कि UN की स्वचालित सीढ़ियां (एस्केलेटर) भी खराब थीं, जिसके बारे में उन्होंने मजाक में कहा कि मेलेनिया फिट हैं, इसलिए बच गईं। मुझे तो डर था कि कहीं गिर न जाएं।'
