Republic Day 2026: 'दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच ऐतिहासिक रिश्ता’; टैरिफ पर तनाव के बीच ट्रंप ने दी शुभकामनाएं
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Jan 26, 2026, 06:48 PM IST
राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत को शुभकामनाएं देते हुए अपने संदेश में कहा कि अमेरिकी जनता की ओर से मैं भारत सरकार और भारत के लोगों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। अमेरिका और भारत दुनिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में एक ऐतिहासिक बंधन साझा करते हैं।
पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप
भारत और अमेरिका में व्यापार और टैरिफ को लेकर जारी तनाव के कम होता दिख रहा है। 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को शुभकामनाएं देकर ऐसे ही संकेत दिए हैं। शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक रिश्ते की बात भी दोहराई। इससे पहले बीते दिन अमेरिका के ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने इशारा किया था कि ट्रंप प्रशासन भारत पर लगाए गए 25% अतिरिक्त टैरिफ को हटा सकती है।
ट्रंप ने दी भारत को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं
राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत को शुभकामनाएं देते हुए अपने संदेश में कहा कि अमेरिकी जनता की ओर से मैं भारत सरकार और भारत के लोगों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। अमेरिका और भारत दुनिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में एक ऐतिहासिक बंधन साझा करते हैं। यह संदेश नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया के जरिए साझा किया। यह संदेश ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच व्यापारिक विवाद और कुछ नीतिगत फैसलों को लेकर मतभेद खुले तौर पर सामने आए हैं।
विदेश मंत्री और राजदूत का भी संदेश
इस अवसर पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी भारत को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों और उभरती तकनीकों में सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। साथ ही क्वाड के जरिए भारत-अमेरिका साझेदारी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में ठोस परिणाम दे रही है। रुबियो ने यह भी कहा कि वह आने वाले वर्ष में साझा उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करने को लेकर आशान्वित हैं।
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर परेड़ में हुए शामिल
वहीं, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार शामिल होने के बाद भारत को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने परेड के दौरान भारतीय आकाश में उड़ते अमेरिका में बने C-130J ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और अपाचे हेलिकॉप्टरों को भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी का मजबूत प्रतीक बताया।
रिश्तों में जारी है तनाव
गौरतलब है भारत-अमेरिका संबंध हाल के महीनों में काफी दबाव में रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत तक का टैरिफ, जिसमें रूसी तेल खरीद को लेकर लगाया गया अतिरिक्त शुल्क भी शामिल है, दोनों देशों के बीच बड़ा विवाद बना हुआ है। इसके अलावा व्यापार समझौते को लेकर बातचीत के कई दौर होने के बावजूद अमेरिका की ओर से भारत के कृषि और डेयरी क्षेत्रों को खोलने की मांग पर सहमति नहीं बन सकी है। ट्रंप की आव्रजन नीति और भारत-पाकिस्तान को लेकर ट्रंप के बयानों ने भी रिश्तों में तल्खी बढ़ाई है।