मध्य जापान में रविवार तड़के एक शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के कारण दुकानों के कांच टूट गए, इमारतों से लोग बाहर भागने लगे और कम से कम 22 लोग घायल हो गए। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार भूकंप की तीव्रता 5.7 मापी गई, जबकि अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसे 5.5 तीव्रता का बताया। भूकंप के बाद हल्के झटके (आफ्टरशॉक्स) भी दर्ज किए गए। यह भूकंप स्थानीय समयानुसार तड़के 1:04 बजे आया, जिसका केंद्र शिज़ुओका प्रांत में जमीन से लगभग 40 किलोमीटर गहराई में था।
इन इलाकों में पड़ा असर
भूकंप का प्रभाव आईची प्रांत समेत आसपास के कई इलाकों में देखा गया। इनमें हामामात्सु शहर, ऐतिहासिक शहर कियोटो और नारा, गिफ़ू और माउंट फ़ूजी वाला यामानाशी प्रांत शामिल हैं। सबसे तेज़ झटके आईची प्रांत में महसूस किए गए। शिज़ुओका और आईची टोक्यो से दूर होने के कारण राजधानी में भूकंप के झटके महसूस नहीं हुए।
नुकसान और घायलों की स्थिति
जापानी टीवी चैनलों के फुटेज में सड़कों पर दुकानों के टूटे कांच बिखरे दिखे। एक बुकस्टोर की अलमारियों से किताबें नीचे गिर गईं। जान बचाने के लिए भागते समय सीढ़ियों से गिरने के कारण कई लोग घायल हुए हैं।
यातायात पर असर
एहतियात के तौर पर प्रभावित इलाकों में शिंकानसेन (बुलेट ट्रेन) की गति धीमी कर दी गई है ताकि पटरियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। जापान भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है।
जापान में क्यों आते हैं इतने भूकंप?
जापान धरती की पपड़ी (Earth's crust) के एक बहुत ही जटिल हिस्से पर बसा हुआ है। यह 4 प्रमुख टेक्टोनिक प्लेटों के मिलन स्थल, पैसिफिक प्लेट (Pacific Plate) फिलिपिंस सी प्लेट (Philippine Sea Plate)यूरेशियन प्लेट (Eurasian Plate)नॉर्थ अमेरिकन प्लेट (North American Plate)ये विशाल प्लेटें स्थिर नहीं हैं; वे हर साल कुछ सेंटीमीटर की गति से खिसकती रहती हैं।
