Advanced English Learning: अंग्रेजी भाषा में कई ऐसे मुहावरे (Idioms and Phrases) और कहावतें हैं, जिनका शाब्दिक अर्थ उनके वास्तिवक अर्थ से बिल्कुल अलग होता है। ऐसी ही एक बेहद दिलचस्प और लोकप्रिय अंग्रेजी प्रेज है—'Pardon My French'। अगर आपने कभी किसी अंग्रेजी फिल्म, वेब सीरीज या बातचीत में इस फ्रेज को सुना होगा, तो शायद आपके मन में भी यह सवाल आया होगा कि क्या इसका संबंध सीधे तौर पर फ्रांस या फ्रेंच भाषा से है? आपको जानकर हैरानी होगी कि इसका फ्रांस की भाषा से कोई लेना-देना नहीं है, बल्कि इसका उपयोग तब किया जाता है जब कोई व्यक्ति अपनी बातचीत में किसी अनजाने या थोड़े आक्रामक (अभद्र/सख्त) शब्दों का इस्तेमाल करने के लिए पहले ही माफी मांगना चाहता है। अगर आप भी एडवांस्ड इंग्लिश में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहते हैं तो आपके लिए यह जानना जरूरी है कि इस शब्द का सही अर्थ क्या है और इसका इस्तेमाल किन स्थितियों में किया जा सकता है। आइए जानते हैं विस्तार से -
क्या है 'Pardon My French' का शाब्दिक और वास्तविक अर्थ?
शाब्दिक रूप से इस वाक्य का मतलब होता है— "कृपया मेरी फ्रेंच भाषा के लिए मुझे माफ करें।" लेकिन वास्तविक जीवन में जब कोई व्यक्ति इसका प्रयोग करता है, तो उसका अर्थ यह होता है कि "मैं ऐसी भाषा या शब्द बोल रहा हूं जो शायद थोड़ा असभ्य, कड़क या गाली जैसा लग सकती है, इसलिए इसके लिए पहले से क्षमा प्रार्थी हूं।" यह एक तरह का सामाजिक शिष्टाचार है, जिसके जरिए वक्ता सामने वाले को यह संकेत देता है कि वह किसी गुस्से या आवेश में आकर थोड़े कड़े शब्दों का इस्तेमाल करने जा रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - नवंबर-दिसंबर 2026 में सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा मौका
इस दिलचस्प फ्रेज का इतिहास और उत्पत्ति
इस मुहावरे के इतिहास को लेकर भाषाविदों (Linguists) के बीच कई दिलचस्प तर्क मौजूद हैं। इतिहास में पीछे जाएं तो बात है 19वीं सदी की। शुरुआती दौर में ब्रिटिश समाज में यह चलन था कि लोग अपनी बातचीत के दौरान अक्सर फ्रेंच भाषा के शब्दों या कहावत का इस्तेमाल अपनी बातचीत को अधिक संभ्रांत दिखाने के लिए करते थे। चूंकि आम ब्रिटिश नागरिक फ्रेंच भाषा से अच्छी तरह वाकिफ नहीं थे, इसलिए कई बार जब कोई व्यक्ति अनजाने में कोई कठिन या अजीब फ्रेंच शब्द बोल देता था, तो वह मजाक में या विनम्रता वश "Pardon my French" कह देता थे। धीरे-धीरे समय के साथ इसका अर्थ बदल गया और यह उन अंग्रेजी गालियों या कड़े शब्दों के लिए इस्तेमाल होने लगा जिन्हें समाज में औपचारिक रूप से बुरा माना जाता है।
कब और किन परिस्थितियों में किया जाता है इसका इस्तेमाल?
आप इस फ्रेज का प्रयोग रोजमर्रा की बातचीत में निम्नलिखित स्थितियों में कर सकते हैं। आइए जानें -
| गुस्से या झुंझलाहट में | जब कोई काम बिगड़ जाए और आपके मुंह से अचानक कोई सख्त या निराशाजनक शब्द निकल पड़े। |
| अनौपचारिक बातचीत | दोस्तों या करीबियों के बीच बात करते समय जब आप किसी ऐसी बात पर खुलकर अपनी भड़ास निकाल रहे हों जिसमें कड़े शब्दों की जरूरत हो। |
| सचेत करने के लिए | यह जताने के लिए कि आप जानबूझकर किसी का अपमान नहीं करना चाहते, बल्कि स्थिति ऐसी है कि कड़े शब्दों का प्रयोग जरूरी हो गया है। |
'Pardon My French' का प्रयोग कैसे करें
इस फ्रेज को और बेहतर ढंग से समझने के लिए नीचे दिए गए 10 उदाहरणों को देखें:
"That guy is acting like a complete—pardon my French—idiot!" (वह आदमी बिल्कुल एक... मेरी फ्रेंच माफ करना... मूर्ख की तरह बर्ताव कर रहा है!)
"I am not going to take that—pardon my French—crap from anyone." (मैं किसी से भी यह बकवास... माफी चाहता हूँ इस भाषा के लिए... बर्दाश्त नहीं करने वाला हूं।)
"We need to fix this damn—pardon my French—problem right now." (हमें इस भयानक... माफ कीजिएगा इस शब्द के लिए... समस्या को अभी ठीक करना होगा।)
"To be honest, his plan is an absolute—pardon my French—mess." (सच कहूं तो, उसकी योजना पूरी तरह से एक कबाड़ा... मेरी फ्रेंच माफ करें... है।)
"Why did you touch my phone? You messed up everything, pardon my French!" (तुमने मेरा फोन क्यों छुआ? तुमने सब कुछ गड़बड़ कर दिया, माफी चाहूंगा इस भाषा के लिए!)
"It’s freezing outside, and my car won't start—pardon my French, this is so frustrating." (बाहर कड़ाके की ठंड है और मेरी गाड़ी स्टार्ट नहीं हो रही—माफ कीजिए, यह बहुत झुंझलाहट भरा है।)
"He is just talking nonsense, pardon my French, but he has no idea what he is doing." (वह सिर्फ फालतू की बातें कर रहा है, माफ कीजिएगा, लेकिन उसे कोई अंदाजा नहीं है कि वह क्या कर रहा है।)
"I’ve had enough of this bullshit, pardon my French, let's just leave." (मेरा इस बकवास से जी भर चुका है, मेरी फ्रेंच माफ करें, चलिए यहां से चलते हैं।)
"She completely ruined the surprise, what a—pardon my French—disaster!" (उसने पूरा सरप्राइज खराब कर दिया, क्या एक तबाही... माफी चाहता हूं!)
"Stop interfering in my work, it's none of your damn business—pardon my French!" (मेरे काम में दखल देना बंद करो, यह तुम्हारा कोई मतलब का काम नहीं है—माफ करना!)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Ireland में क्या है भारतीय छात्रों के लिए वीजा नियम?
इस फ्रेज का प्रयोग करते समय बरतें ये सावधानियां
इस फ्रेज का इस्तेमाल करते हुए आपको स्थान का ध्यान रखना चाहिए। जी हां, कॉर्पोरेट मीटिंग, ऑफिस की प्रेजेंटेशन या किसी गंभीर आधिकारिक मंच पर इस फ्रेज का इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि वहा यह आपकी अनप्रोफेशनल छवि पेश कर सकता है। यह मुहावरा मुख्य रूप से अनौपचारिक यानी इनफॉर्मल बातचीत और मित्रों के बीच ही शोभा देता है।
अंग्रेजी मुहावरों को सीखने का स्मार्ट तरीका
किसी भी भाषा के मुहावरों को रटने के बजाय उनके पीछे की कहानी या संदर्भ को समझना ज्यादा फायदेमंद होता है। इससे आप उसका बेहतर इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे मुहावरों का सही संदर्भ में उपयोग करने से आपकी अंग्रेजी अधिक स्वाभाविक और प्रभावशाली लगती है।
