बिजनेस

DDA Housing Scheme 2026: दिल्ली में सिर्फ 43 लाख रुपये में खरीदें MIG फ्लैट, जानें रजिस्ट्रेशन और पात्रता के नियम

DDA Housing Scheme 2026:डीडीए ने 'खुशहाल परिवार योजना 2026' के तहत नरेला, लोकनायकपुरम और जहांगीरपुरी में 445 एमआईजी फ्लैट्स निकाले हैं। 43 लाख से 1.1 करोड़ रुपये कीमत के इन फ्लैट्स की बुकिंग 16 नवंबर से 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर होगी।

Image

DDA Khushhaal Pariwaar Yojana: दिल्ली में खरीदें डीडीए फ्लैट (प्रतीकात्मक तस्वीर-istock)

DDA Housing Scheme 2026 : दिल्ली में अपना घर खरीदने की इच्छा रखने वालों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) एक शानदार मौका लेकर आया है। धनतेरस के शुभ अवसर पर डीडीए ने अपनी नई आवास योजना 'डीडीए खुशहाल परिवार योजना 2026' लॉन्च की। इस योजना के तहत दिल्ली के तीन अलग-अलग प्रमुख इलाकों में कुल 445 मिडिल इनकम ग्रुप (MIG) फ्लैट्स बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। अगर आप भी दिल्ली में अपना आशियाना बनाने का सपना देख रहे हैं, तो इस योजना से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां नीचे दी गई हैं।

फ्लैट्स की लोकेशन और संभावित कीमतें

डीडीए खुशहाल परिवार योजना 2026 के तहत मिलने वाले एमआईजी फ्लैट्स की कीमतें करीब 43 लाख रुपये से शुरू होकर 1.1 करोड़ रुपये तक रखी गई हैं। फ्लैट की अंतिम कीमत उसके आकार, स्थान, श्रेणी और लागू होने वाले अन्य शुल्कों पर निर्भर करेगी। इस योजना में सबसे ज्यादा 296 फ्लैट नरेला के सेक्टर A1-A4 में उपलब्ध हैं। इसके अलावा लोकनायकपुरम में 132 फ्लैट और जहांगीरपुरी में 17 फ्लैट्स का विकल्प दिया गया है। आवेदक अपनी पसंद और बजट के अनुसार फ्लैट की लोकेशन चुन सकते हैं।

रजिस्ट्रेशन और बुकिंग की महत्वपूर्ण तारीखें

योजना के तहत रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 6 नवंबर (धनतेरस) से शुरू हो चुकी है। जिन लोगों ने पहले से डीडीए के 'आवास पोर्टल' पर रजिस्ट्रेशन करवा रखा है, उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं नए आवेदकों को पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के समय 2,500 रुपये का एकमुश्त शुल्क देना होगा, जो नॉन-रिफंडेबल (वापस न होने योग्य) है। रजिस्ट्रेशन के बाद फ्लैट्स की बुकिंग की खिड़की 16 नवंबर से खोली जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया डीडीए के आधिकारिक आवास पोर्टल के जरिए ही पूरी की जाएगी।

बुकिंग राशि और अलॉटमेंट की प्रक्रिया

इस योजना के तहत एमआईजी फ्लैट बुक करने के लिए आवेदकों को 4 लाख रुपये की बुकिंग राशि का भुगतान करना होगा। 16 नवंबर को बुकिंग विंडो खुलते ही आवेदक पोर्टल पर लॉगिन करके उपलब्ध फ्लैट्स में से अपना मनपसंद फ्लैट चुन सकते हैं और तय राशि जमा करके उसे बुक कर सकते हैं। डीडीए ने इस बार कंप्यूटर ड्रा यानी लॉटरी सिस्टम को खत्म कर दिया है। ये सभी फ्लैट 'पहले आओ, पहले पाओ' (First-Come, First-Served) के आधार पर दिए जाएंगे, इसलिए जो आवेदक पहले बुकिंग पूरी करेगा, उसे फ्लैट मिल जाएगा।

योजना के लिए आवश्यक पात्रता और नियम

डीडीए खुशहाल परिवार योजना में आवेदन करने के लिए कुछ आवश्यक शर्तें तय की गई हैं। आवेदक का भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है और उसकी उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। इसके साथ ही आवेदक के पास एक वैध पैन (PAN) कार्ड होना चाहिए और उसके अपने नाम पर एक बचत बैंक खाता (Savings Bank Account) होना जरूरी है। योजना से जुड़े बाकी विस्तृत नियम और शर्तें डीडीए की 'आवास निवेश योजना 2026' के ब्रोशर में उपलब्ध हैं, जिनका पालन करना हर आवेदक के लिए जरूरी होगा।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article