दुनिया

'पुतिन के करीबी व्यक्ति ने उठाया था हमारी शादी के बाद के जश्न का खर्च,' डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की पत्नी बेटिना का बड़ा दावा

बेटिना ट्रंप ने एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने और राष्ट्रपति के बेटे ने एक निजी समारोह में शादी की, जिसमें 'सिर्फ हमारा परिवार' मौजूद था। उन्होंने लिखा कि इसके बाद वाला सप्ताहांत पहले से ही दोस्तों के साथ मौज-मस्ती के लिए तय था।

Image

बीते मई में बहामास में हुई बेटिना और डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की शादी।

Photo : ANI

Donald Trump Jr : डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की पत्नी बेटिना ट्रंप ने सोमवार को पुष्टि करते हुए कहा कि बीते मई के सप्ताहांत में हुई शादी की पार्टी का आशिंक खर्च रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक करीब व्यक्ति द्वारा वहन किया गया था। इंस्टाग्राम पर अपने एक पोस्ट में बेटिना ने कहा है कि 'प्यारे दोस्त उमर क्रेमलेव ने हमारी शादी के बाद की दो रातों के जश्न की मेजबानी बड़े ही विनम्रता पूर्वक की।' उन्होंने आगे लिखा, 'एक दोस्त की तरफ से मिला यह एक अनूठा तोहफा था। यह ऐसा था जिसके लिए हम हमेशा उनके आभारी रहेंगे।'

कई लाख डॉलर के खर्च का भुगतान किया

ProPublica की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप जूनियर और सोशलाइट बेटिना एंडरसन की बहामास में हुई शादी का खर्च रूसी अरबपति कारोबारी उमर क्रेमलेव ने बड़े पैमाने पर उठाया था। क्रेमलेव इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन के प्रमुख हैं। प्रो-पब्लिका ने बताया कि क्रेमलेव ने शादी से जुड़े कई लाख डॉलर के खर्च का भुगतान किया। इसमें तीन दिनों तक चलने वाली पार्टी के लिए दो निजी द्वीपों में से एक को किराए पर लेने और आतिशबाजी के शो का खर्च भी शामिल था।

शादी समारोह में करीबी लोग मौजूद थे

बेटिना ट्रंप ने एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने और राष्ट्रपति के बेटे ने एक निजी समारोह में शादी की, जिसमें 'सिर्फ हमारा परिवार' मौजूद था। उन्होंने लिखा कि इसके बाद वाला सप्ताहांत पहले से ही दोस्तों के साथ मौज-मस्ती के लिए तय था और इसे शादी के समारोह के रूप में आयोजित करने की योजना नहीं थी। जब उनकी मूल शादी की योजना बदल गई, तो दोनों ने उस पहले से तय सप्ताहांत से पहले ही शादी करने का फैसला किया और नवविवाहित के रूप में उस कार्यक्रम में पहुंचे।

'दोस्ती के पीछे राजनीतिक मकसद होना जरूरी नहीं'

उन्होंने आगे कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि किसी निजी और खुशी के मौके को केवल इसलिए राजनीतिक या संदिग्ध रूप दिया जा रहा है क्योंकि इसमें शामिल व्यक्ति कौन है या वह कहां से आता है। उनके मुताबिक, दोस्ती के पीछे राजनीतिक मकसद होना जरूरी नहीं है और किसी की उदारता का मतलब यह नहीं कि उसके पीछे कोई एजेंडा है। उन्होंने कहा, 'कभी-कभी शादी का तोहफा सिर्फ शादी का तोहफा होता है।' यह तोहफा ऐसे समय में दिया गया है जब रूस-यूक्रेन युद्ध जारी है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दोनों देशों के बीच शांति समझौता कराने के अपने वादे को पूरा करने में अब तक सफल नहीं हुए हैं।

पुतिन के साथ चीन गए थे क्रेमलेव

इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन के अनुसार, क्रेमलेव को हाल ही में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ऑर्डर ऑफ फ्रेंडशिप से सम्मानित किया था। चीनी सरकारी मीडिया का हवाला देते हुए रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि क्रेमलेव रूस के एक प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में पुतिन के साथ चीन गए थे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article