देश

'राष्ट्र प्रथम' का संदेश, एकता का संकल्प... सरदार पटेल की जयंती पर PM मोदी, अमित शाह समेत कई नेताओं ने लौह पुरुष के योगदान को किया याद

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को देशभर में मनाई जा रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। नेताओं ने देश की एकता और अखंडता में उनके योगदान को याद किया। 550 से अधिक रियासतों के भारत में विलय और मजबूत राष्ट्र के निर्माण में सरदार पटेल की भूमिका ऐतिहासिक रही है। उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।

Image

सरदार पटेल की जयंती पर PM मोदी का संदेश, बताया विकसित भारत के लिए बड़ा प्रेरणास्रोत। PTI

Photo : PTI

Sardar Patel Jayanti: हर वर्ष 31 अक्टूबर को देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई जाती है। राष्ट्रीय एकता के शिल्पकार कहे जाने वाले सरदार पटेल की जयंती पर देशभर के कई राज्यों में अलग अलग कार्यक्रम हो रहे हैं।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी जयंती पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक्स हैंडल पर उन्होंने लिखा, "अखंड भारत के प्रणेता देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने एक सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। मां भारती की सेवा में उनका त्याग और समर्पण विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए बहुत बड़ा प्रेरणास्रोत है।"

लौह पुरुष ने मजबूत भारत की रखी नींव: अमित शाह

वहीं, अमित शाह ने सरदार पटेल की जयंती पर लिखा, आधुनिक भारत के शिल्पकार, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रतीक, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।

गृह मंत्री ने आगे लिखा कि सरदार साहब ने अपने अदम्य साहस और दूरदर्शिता से रियासतों में बंटे देश को एक सूत्र में पिरोकर मजबूत भारत की नींव रखी और अखिल भारतीय सेवाओं की आधारशिला रखकर देश की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ आधार दिया। खेड़ा और बारडोली सत्याग्रह के माध्यम से किसानों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष जनसेवा और नेतृत्व का अनुपम उदाहरण है।

उन्होंने आगे लिखा," राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले सरदार साहब का त्याग, समर्पण और राष्ट्रप्रेम हर एक देशवासी को 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के निर्माण की दिशा में प्रेरित करता रहेगा।"

सरदार पटेल की दूरदर्शी नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों को करेगी प्रेरित: राजनाथ सिंह

वहीं, राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, भारत की एकता और अखंडता के शिल्पकार, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। स्वतंत्रता संग्राम में उनके अतुलनीय योगदान से लेकर स्वतंत्र भारत में सैकड़ों रियासतों के एकीकरण तक, सरदार पटेल जी का जीवन अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण की मिसाल रहा है। उनका दूरदर्शी नेतृत्व, असाधारण संगठन क्षमता और राष्ट्रसेवा का भाव सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखा, "आधुनिक भारत के शिल्पकार, 'लौह पुरुष', 'भारत रत्न' सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि एवं समस्त प्रदेश वासियों को 'राष्ट्रीय एकता दिवस' की हार्दिक बधाई।" सीएम योगी ने लिखा,"सरदार साहब का जीवन इस शाश्वत सत्य का उद्घोष है कि राष्ट्र की शक्ति उसकी एकता में और एकता का सामर्थ्य 'राष्ट्र प्रथम' के भाव में निहित है।"

भारतीय इतिहास में सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान हमेशा याद किया जाएगा। स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभाने से लेकर आजादी के बाद देश को एकजुट करने तक, उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा।

स्वतंत्रता के समय देश में मौजूद 550 से अधिक रियासतों का भारत में विलय कराकर उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, कुशल नेतृत्व और दूरदर्शिता का परिचय दिया। उनके अथक प्रयासों ने भारत को विखंडित होने से बचाया और एक मजबूत, एकजुट एवं अखंड राष्ट्र की नींव रखने में निर्णायक भूमिका निभाई।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!