दुनिया

Pakistan: रमजान के पहले ही दिन कराची में भीषण विस्फोट, महिलाओं-बच्चों सहित 16 की मौत; कई अन्य घायल

Pakistan Gas Explosion: पाकिस्तान के कराची में एक आवासीय इमारत में गैस रिसाव के कारण हुए विस्फोट में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए।

Image

पाकिस्तान में गैस रिसाव के कारण हुआ भीषण धमाका

Photo : AP

Pakistan Gas Explosion: पाकिस्तान के कराची में गुरुवार को एक आवासीय इमारत में गैस रिसाव के कारण हुए विस्फोट में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारी जमशेद अशर ने कहा, ''विस्फोट तड़के साढ़े चार बजे इमारत की पहली मंजिल पर हुआ। यह इमारत ओल्ड सोल्जर बाजार इलाके में है। घटना ''सहरी'' (सूरज निकलने से पहले करने वाला भोजन) के समय हुई।''

कैसे हुआ विस्फोट

पाकिस्तान में आज रमजान महीने का पहला दिन है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि धमाके का कारण संभवतः गैस का रिसाव था। कराची में गैस की कमी के कारण विशेषकर निम्न आय वाले आवासीय क्षेत्रों में कई परिवार अपने घरों में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) सिलेंडर का उपयोग करते हैं।

पुलिस सर्जन डॉ. समैया सैयद ने पुष्टि की कि उन्हें विस्फोट स्थल से अब तक 14 शव प्राप्त हुए हैं, जबकि 14 घायलों का इलाज हो रहा है। इमारत की जर्जर हालत के कारण विस्फोट में इमारत का एक हिस्सा ढह गया। मुख्य दमकल अधिकारी हुमायूं खान ने कहा, ''हम अब भी मलबे और अवशेषों में छानबीन कर रहे हैं ताकि पता चल सके कि क्या कोई और शव या जीवित व्यक्ति दबा है।''

Pakistan Gas Explosion

कराची में गैस रिसाव के कारण हुआ विस्फोट

कराची की दूसरी बड़ी घटना

मृतकों में कम से कम नौ बच्चे शामिल हैं जिनकी उम्र दो से 17 वर्ष के बीच थी, जबकि घायलों में भी सात बच्चे शामिल हैं। कराची में विस्फोट की यह दूसरी बड़ी घटना है। पिछले महीने सदर इलाके में स्थित थोक एवं खुदरा बाजार 'गुल शॉपिंग प्लाजा' के तहखाने में आग लगने की घटना में कम से कम 79 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हुए थे।

इससे पहले, इस्लामाबाद में जुलाई में एक घर में शादी के बाद हुए प्रीति भोज के दौरान गैस विस्फोट का मामला सामने आया था जिसमें दूल्हा-दुल्हन समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने बताया था कि यह विस्फोट उस समय हुआ जब मेहमान जोड़े का स्वागत करने के लिए जुटे थे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article