दुनिया

पाकिस्तान के लिए सीधी उड़ानें फिर से शुरू करेगा बांग्लादेश, यूनूस और शरीफ के संबंधों में दिखी और नरमी

यह उड़ान ढाका से स्थानीय समयानुसार रात आठ बजे प्रस्थान करेगी और कराची में रात 11 बजे पहुंचेगी। वापसी की उड़ान कराची से रात 12 बजे प्रस्थान करेगी और ढाका में तड़के 4:20 बजे पहुंचेगी।

Image

यूनूस और शरीफ के संबंधों में दिखी और नरमी (फाइल फोटो: canva)

बांग्लादेश सरकार के स्वामित्व वाली बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस 29 जनवरी से ढाका और कराची के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू करेगी। इसके साथ ही एक दशक से अधिक समय के बाद बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच निर्बाध हवाई संपर्क बहाल हो जाएगा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।बांग्ला दैनिक 'प्रथम आलो' ने एयरलाइंस के एक बयान का हवाला देते हुए बताया कि शुरुआत में उड़ानें सप्ताह में दो बार, बृहस्पतिवार और शनिवार को संचालित होंगी।

यह उड़ान ढाका से स्थानीय समयानुसार रात आठ बजे प्रस्थान करेगी और कराची में रात 11 बजे पहुंचेगी। वापसी की उड़ान कराची से रात 12 बजे प्रस्थान करेगी और ढाका में तड़के 4:20 बजे पहुंचेगी।

वर्ष 2024 में शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार गिरने के बाद बांग्लादेश और पाकिस्तान के रिश्तों में प्रगाढ़ता आई है। बांग्लादेश और पाकिस्तान ने वर्षों के तनावपूर्ण संबंधों के बाद राजनयिक, व्यापारिक और लोगों के आपसी संबंधों को फिर से मजबूत करने के लिए हाल के महीनों में कई कदम उठाए हैं।ढाका और कराची के बीच सबसे छोटा मार्ग भारतीय हवाई क्षेत्र से होकर है, लेकिन अभी यह पता नहीं चल पाया है कि बांग्लादेश ने उड़ान भरने की अनुमति के लिए भारत से आवश्यक मंजूरी प्राप्त कर ली है या नहीं।

इससे पहले 2012 में सीधी उड़ानें थीं

बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के अधिकारियों के हवाले से समाचार पोर्टल 'टीबीएसन्यूजडॉट नेट' की खबर में कहा गया है कि ढाका-कराची मार्ग को फिर से खोलने के लिए पाकिस्तानी नियामकों के साथ कई महीनों से बातचीत चल रही थी। इससे पहले 2012 में सीधी उड़ानें थीं। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान नागर विमानन प्राधिकरण से औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद यह सेवा फिर से शुरू की जा रही है। प्राधिकरण ने बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस को इस मार्ग पर परिचालन करने और पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र के भीतर निर्दिष्ट हवाई गलियारों का इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी है।

वर्तमान में मध्य पूर्वी देशों में ट्रांजिट मार्ग से पाकिस्तान के लिए उड़ानें हैं

बिमान बांग्लादेश ने एक विज्ञप्ति में कहा, 'इस नए मार्ग के शुरू होने से बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच यात्रा आसान और सुविधाजनक होने की उम्मीद है। इससे व्यापार, पर्यटन और पारिवारिक यात्रा के लिए भी नए अवसर खुलेंगे।' समाचार पोर्टल ‘बीडीन्यूज24.कॉम’ के अनुसार, ढाका और कराची के बीच हवाई दूरी लगभग 2,370 किलोमीटर है। हालांकि, सीधी उड़ानों के अभाव में वर्तमान में मध्य पूर्वी देशों में ट्रांजिट मार्ग से पाकिस्तान के लिए उड़ानें हैं।

कुछ विमानन कंपनियों की उड़ानों में यात्रा समय 18 से 22 घंटे तक

वर्तमान में, एयर अरबिया, गल्फ एयर, फ्लाईदुबई, अमीरात, कतर एयरवेज और थाई एयरवेज सहित कई विमानन कंपनियां बांग्लादेश से पाकिस्तान के लिए ट्रांजिट उड़ानें संचालित करती हैं। इसके कारण, ढाका से कराची की यात्रा में ट्रांजिट समय सहित औसतन आठ से बारह घंटे लगते हैं। कुछ विमानन कंपनियों की उड़ानों में यात्रा समय 18 से 22 घंटे तक भी लगते हैं। दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानों को फिर से शुरू करने की योजना की घोषणा सबसे पहले पिछले साल अगस्त में पाकिस्तानी उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार की ढाका यात्रा के दौरान की गई थी।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!