दुनिया

यूरोप का मल्टीरोल फाइटर प्लेन खरीदेगा भारत का यह पड़ोसी देश, इटली के साथ की बड़ी डील, भारत की बढ़ेंगी सामरिक चुनौतियां

ढाका स्थित बांग्लादेश एयर फोर्स मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित एक समारोह में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। वायुसेना के आधिकारिक फेसबुक पेज पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक बांग्लादेश के चीफ ऑफ एयर स्टाफ एयर चीफ मार्शल हसन महमूद खान और बांग्लादेश में इटली के राजदूत एंतोनियो अलेस्सांद्रो इस कार्यक्रम में मौजूद थे।

Image

इटली से बांग्लादेश खरीदेगा यूरोफाइटर टाइफून। तस्वीर-ISPR, Bangladesh

Eurofighter Typhoon : बांग्लादेश अपनी वायु सेना को मजबूत करने के लिए यूरोप का मल्टीरोल फाइटर प्लेन यूरोफाइटर टाइफून खरीदने का फैसला किया है। 4.5 पीढ़ी के इस लड़ाकू विमान को वह इटली से खरीदेगा। इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने मंगलवार को बयान जारी कर यह जानकारी दी। यूरोफाइटर टाइफून दो इंजनों वाला, सुपरसोनिक, कैनार्ड डेल्टा विंग, मल्टीरोल फाइटर प्लेन है। बांग्लादेश अब तक चीन से हथियार खरीदता आया है लेकिन उसकी यह खरीद बीजिंग को नाराज कर सकती है। बांग्लादेश के पास यूरोफाइटर आने से भारत की सामरिक चुनौतियां बढ़ सकती हैं।

ढाका स्थित बांग्लादेश एयर फोर्स मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित एक समारोह में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। वायुसेना के आधिकारिक फेसबुक पेज पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक बांग्लादेश के चीफ ऑफ एयर स्टाफ एयर चीफ मार्शल हसन महमूद खान और बांग्लादेश में इटली के राजदूत एंतोनियो अलेस्सांद्रो इस कार्यक्रम में मौजूद थे। सशस्त्र बल प्रभाग के वरिष्ठ अधिकारी और इटली पक्ष के प्रतिनिधि भी इस समारोह में शामिल हुए।

बांग्लादेश वायु सेना के बेडे़ में 212 विमान

बांग्लादेश एयर फोर्स के अनुसार, यह समझौता यूरोफाइटर टाइफून जेट्स को उसकी फ्रंटलाइन फ्लीट में शामिल करने के लिए राह तैयार करता है। उम्मीद है कि ये विमान वायुसेना की नई पीढ़ी की मल्टी-रोल कॉम्बैट क्षमताओं को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाएंगे और उसकी परिचालन तत्परता को मजबूत करेंगे। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब बांग्लादेश अपने लड़ाकू बेड़े को आधुनिक बनाने के लिए अन्य विकल्प भी तलाश रहा है। अप्रैल में, सरकार ने 20 चीनी J-10 लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए वार्ता को अंतिम रूप देने के लिए 11 सदस्यीय अंतर-मंत्रालयी समिति बनाई थी, जिसका नेतृत्व चीफ ऑफ एयर स्टाफ कर रहे हैं। रिपोर्टों के अनुसार, बांग्लादेश एयर फोर्स वर्तमान में लगभग 212 विमानों का संचालन करती है, जिनमें 44 फाइटर जेट शामिल हैं।

16 दिसंबर को पाक सेना ने किया सरेंडर

उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश से एक 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, जिसमें आठ मुक्तयोद्धा और पड़ोसी देश की सेना के दो सेवारत अधिकारी शामिल हैं, कोलकाता में विजय दिवस समारोह में भाग लेगा। यह समारोह भारतीय सशस्त्र बलों की 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर ऐतिहासिक जीत को चिह्नित करने के लिए आयोजित किया जाता है। 3 दिसंबर को शुरू हुआ यह युद्ध 16 दिसंबर को ढाका में पाकिस्तान की पूर्वी सेना के आत्मसमर्पण के साथ समाप्त हुआ, जिसके परिणामस्वरूप पहले पूर्वी पाकिस्तान रहे क्षेत्र में बांग्लादेश का जन्म हुआ।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article