दुनिया

मॉस्को के रेस्टोरेंट में IED धमाका, 3 की मौत; होममेड बम लेकर घुसने की कोशिश कर रही थी महिला

रूस की राजधानी मॉस्को में कुद्रिन्स्काया स्क्वायर स्थित एक रेस्टोरेंट में शनिवार को IED विस्फोट हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत और 21 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में कथित महिला हमलावर, एक सुरक्षा गार्ड और एक ग्राहक शामिल हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार महिला विस्फोटक लेकर रेस्टोरेंट में घुसने की कोशिश कर रही थी, लेकिन सुरक्षा गार्ड ने उसे रोक दिया।

Image

मॉस्को के रेस्टोरेंट में IED ब्लास्ट, 3 की मौत; 21 से ज्यादा घायल। AP

Photo : AP

रूस की राजधानी मॉस्को में शनिवार को एक रेस्टोरेंट में हुए शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 से अधिक लोग घायल हो गए। रूसी अधिकारियों के अनुसार, धमाका एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के फटने से हुआ।

रूसी सरकारी समाचार एजेंसी RIA Novosti के मुताबिक, यह विस्फोट मॉस्को के कुद्रिन्स्काया स्क्वायर स्थित एक रेस्टोरेंट में हुआ। राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी समिति (National Anti-Terrorism Committee) ने बताया कि धमाके में एक महिला, जिसने कथित तौर पर विस्फोटक अंदर ले जाने की कोशिश की थी, की भी मौत हो गई। इसके अलावा एक सुरक्षा गार्ड और रेस्टोरेंट में मौजूद एक ग्राहक भी मारे गए।

महिला ने की रेस्टारेंट में आईईडी ले जाने की कोशिश

रिपोर्ट के अनुसार, महिला रेस्टोरेंट के भीतर आईईडी (IED) ले जाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन प्रवेश द्वार पर मौजूद सुरक्षा गार्ड ने उसे अंदर जाने से रोक दिया। इसी दौरान विस्फोट हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। धमाके में कम से कम 21 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

शुरुआती मीडिया रिपोर्टों में कहा जा रहा था कि ये धमाका गैस सिलेंडर फटने की वजह से हो सकता है, लेकिन बाद में खुलासा हुआ है कि एक महिला होममेड बम लेकर यहां पहुंची थी, जिसके फटने से ही ये धमाका हुआ है। मॉस्को पुलिस ने बताया कि धमाका स्थानीय समयानुसार रात करीब 8 बजे से ठीक पहले ‘बाल्जी रोसी’ नाम के इटैलियन रेस्टोरेंट के पास हुआ।

मॉस्को की जांच समिति (Moscow Investigative Committee) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विस्फोट के पीछे की मंशा और हमले की साजिश को लेकर जांच जारी है। अधिकारियों ने अभी तक किसी संगठन या व्यक्ति को इस घटना के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article