शहर

जयंत चौधरी की बेटी इलेषा का शानदार कुचिपुड़ी रंगप्रवेशम्, पहली मंच प्रस्तुति से जीता दिल

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की 15 वर्षीय बेटी इलेषा सिंह ने नई दिल्ली के कमानी ऑडिटोरियम में अपना पहला कुचिपुड़ी रंगप्रवेशम् प्रस्तुत किया। उन्होंने वेंकटेश स्तोत्रम्, दशावतारम् और शिव तरंगिणी जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

Image

15 वर्षीय इलेषा सिंह ने कुचिपुड़ी नृत्य से दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

दिल्ली के कमानी ऑडिटोरियम में 15 वर्षीय इलेषा सिंह ने अपना पहला कुचिपुड़ी नृत्य रंगप्रवेशम् (शास्त्रीय नृत्य की पहली औपचारिक मंच प्रस्तुति) किया। इस खास मौके पर उन्होंने अपनी शानदार नृत्य कला से दर्शकों का दिल जीत लिया। इलेषा केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और शिक्षा राज्य मंत्री की बेटी हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत वेंकटेश स्तोत्रम् से हुई, जिसमें भगवान वेंकटेश्वर की भक्ति और स्तुति प्रस्तुत की गई। इसके बाद दशावतारम् में इलेषा ने भगवान विष्णु के दस अवतारों को अपने नृत्य और अभिनय के माध्यम से जीवंत रूप में दिखाया गया। इलेषा ने ‘सांसों की माला’ प्रस्तुति में भक्ति, प्रेम और विरह की भावनाओं को प्रभावशाली ढंग से मंच पर पेश किया। कार्यक्रम का समापन ‘शिव तरंगिणी’ से हुआ, जिसमें इलेषा ने भगवान शिव की महिमा का सुंदर चित्रण किया। इस प्रस्तुति के दौरान उन्होंने पीतल की थाली के किनारे पर संतुलन बनाते हुए नृत्य किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

जयंत चौधरी ने बेटी इलेषा की उपलब्धि पर जताया गर्व

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने इलेषा को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अपनी बेटी को इस मुकाम तक पहुंचते देखना पूरे परिवार के लिए अत्यंत भावुक और गर्व का पल है। उन्होंने बताया कि इलेषा ने साढ़े चार साल की उम्र से कुचिपुड़ी सीखना शुरू किया था और उसकी सफलता के पीछे सालों का अनुशासन, मेहनत और समर्पण है। उन्होंने इलेषा के गुरुओं डॉ. राजा रेड्डी, डॉ. राधा रेड्डी और कौशल्या रेड्डी के मार्गदर्शन के लिए भी आभार जताया। उन्होंने कहा एक पिता के रूप में मुझे अपनी बेटी पर गर्व है।

कार्यक्रम में उमड़ीं कई दिग्गज हस्तियां

कार्यक्रम में केंद्र सरकार के मंत्रियों, सांसदों और देश की कई नामचीन हस्तियों ने शिरकत की। इनमें केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, आरपीएन सिंह, राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि और उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। इलेषा की प्रस्तुति को दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ सराहा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article