दुनिया

'भारत की आत्मा पर हमला स्वीकार नहीं किया जाएगा...' लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने इथियोपिया में आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस पर दिया जोर

India's Zero Tolerance Policy Towards Terrorism: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (एनसीपी-एससीपी) सांसद सुप्रिया सुले जो इथियोपिया का दौरा करने वाले सर्वदलीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही हैं ने शनिवार को इथियोपिया के पूर्व प्रधानमंत्री हैलीमारीम देसालेगन से मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग, क्षेत्रीय विकास और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई पर चर्चा की।

Image

भारत की आत्मा पर हमला स्वीकार नहीं किया जाएगा : सुप्रिया सुले

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Supriya Sule: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (NCP-SCP) सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में एक बहुदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल आज एक संक्षिप्त लेकिन महत्वपूर्ण यात्रा पर अदीस अबाबा पहुंचा। यह दौरा 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में हो रहा है, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की जान गई थी, जिनमें एक नेपाल का नागरिक भी शामिल था। यह हमला 2008 के मुंबई हमलों के बाद भारत में नागरिकों की सबसे अधिक संख्या में हुई मृत्यु वाला आतंकवादी हमला रहा और इसकी क्रूरता अत्यंत निंदनीय रही।

भारत इस हमले को देश में साम्प्रदायिक तनाव भड़काने और वैश्विक मंच पर उसकी छवि बिगाड़ने की कोशिश के रूप में देखता है। इसके प्रत्युत्तर में भारत ने 06/07 मई 2025 की मध्यरात्रि को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत एक ठोस, सटीक और सन्तुलित कार्रवाई की। आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता के अनुरूप, भारत सरकार ने वैश्विक स्तर पर एक संवाद अभियान प्रारंभ किया है, जिसके अंतर्गत सात बहुदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल 32 देशों की यात्रा कर रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य है – 'आतंकवाद के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता' की भारत की नीति को अंतरराष्ट्रीय समुदाय के समक्ष प्रस्तुत करना और वैश्विक सहमति व सहयोग प्राप्त करना।

सुप्रिया सुले

सुप्रिया सुले

प्रतिनिधिमंडल ने इथियोपिया के पूर्व प्रधानमंत्री हाइलमारियम देसालेन से की भेंट

इथियोपिया में तीन दिवसीय प्रवास के दौरान यह प्रतिनिधिमंडल इथियोपियाई नेतृत्व, मीडिया, नागरिक समाज, शिक्षाविदों और भारतीय प्रवासी समुदाय से संवाद करेगा, जिससे दोनों देशों के बीच आपसी समझ और संबंध और भी प्रगाढ़ हो सकें। आज प्रतिनिधिमंडल ने इथियोपिया के पूर्व प्रधानमंत्री हाइलमारियम देसालेन से महत्वपूर्ण भेंट की। हाइलमारियम, जिन्होंने पूर्व में भारत-अफ्रीका मंच शिखर सम्मेलनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, ने पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और अफ्रीका के हॉर्न व साहेल क्षेत्रों में जारी आतंकवाद के साथ समानताएं बताईं। उन्होंने भारत के दृष्टिकोण का समर्थन करते हुए आतंकवाद के विरुद्ध क्षेत्रीय व वैश्विक सहमति के निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया।

लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले और अन्य प्रतिनिधियों ने भी ‘आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता’ की भारत की अटल नीति को दोहराया और हर प्रकार के आतंकवाद के खिलाफ भारत की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

बहुदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यः

1. सुप्रिया सुले – सांसद, लोकसभा, एनसीपी-एससीपी; प्रतिनिधिमंडल की नेता

2. राजीव प्रताप रूडी – सांसद, लोकसभा, भाजपा; पूर्व राज्य मंत्री (कौशल विकास, नागरिक उड्डयन, वाणिज्य एवं उद्योग)

3. मनीष तिवारी – सांसद, लोकसभा, कांग्रेस; पूर्व राज्य मंत्री (सूचना एवं प्रसारण)

4. अनुराग सिंह ठाकुर – सांसद, लोकसभा, भाजपा; पूर्व केंद्रीय मंत्री (सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले, वित्त एवं कॉरपोरेट मामले)

5. लवु श्रीकृष्ण देवरा‍यलु – सांसद, लोकसभा, तेलुगु देशम पार्टी

6. विक्रमजीत सिंह साहनी – सांसद, राज्यसभा, आम आदमी पार्टी

7. आनंद शर्मा – पूर्व केंद्रीय मंत्री (वाणिज्य, वस्त्र) एवं पूर्व राज्य मंत्री (विदेश मामले)

8. वी. मुरलीधरन – पूर्व राज्य मंत्री (विदेश एवं संसदीय कार्य)

9. राजदूत सैयद अकबरुद्दीन – भारत के संयुक्त राष्ट्र में पूर्व स्थायी प्रतिनिधि

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article