अविश्‍वास प्रस्‍ताव: वोटिंग से बचने की इमरान खान की पैंतरेबाजी! सुप्रीम कोर्ट में दी गई याचिका

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 31, 2022, 07:08 PM IST

इमरान खान अपने खिलाफ विपक्ष की ओर से लाए गए अविश्‍वास प्रस्‍ताव पर वोटिंग से बचने के लिए हर पैंतरा अपना रहे हैं। बताया जा रहा है कि इमरान खान के एक 'सहयोगी' की ओर से इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट में भी एक याचिका दी गई है।

अविश्‍वास प्रस्‍ताव: वोटिंग से बचने की इमरान खान की पैंतरेबाजी! सुप्रीम कोर्ट में दी गई याचिका
Photo Credit: AP

इस्‍लामाबाद : पाकिस्‍तान के सियासी रण में चौतरफा घिरे इमरान आन अपने खिलाफ विपक्ष की ओर से लाए गए अविश्‍वास प्रस्‍ताव पर वोटिंग रोकने के लिए हर पैंतरा अपना रहे हैं। ARY न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इसके लिए सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दी गई है और इसमें उस 'सीक्रेट लेटर' का हवाला देते हुए अविश्‍वास प्रस्‍ताव पर वोटिंग रोकने की अपील की गई है।

यह रिपोर्ट ऐसे समय में सामने आई है, जबकि इमरान खान के खिलाफ विपक्ष की ओर से लाए गए अविश्‍वास प्रस्‍ताव पर चर्चा के लिए नेशनल असेंबली का सत्र शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में स्‍थगित कर दिया गया। तीन दिन के स्‍थगन के बाद आज प्रस्‍ताव पर चर्चा होनी थी, जिसके लिए सदन की कार्यवाही शाम करीब 6 बजे शुरू हुई, पर कुछ ही मिनटों में कार्यवाही रविवार पूर्वाह्न 11:30 बजे तक के लिए टाल दी गई।

सुप्रीम कोर्ट में दी गई याचिका

इन बदलते घटनाक्रम के बीच ARY की रिपोर्ट के अनुसार, नेशनल असेंबली में वोटिंग पर रोक लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका सैयद तारिक बदर नाम के एक शख्‍स ने दी है, जिसमें शीर्ष अदालत से उस खुफिया पत्र की जांच कराने की मांग की गई है, जिसका हवाला देते हुए इमरान खान ने अपनी सरकार को गिराने के लिए 'अंतरराष्‍ट्रीय साजिश' का आरोप लगाया है।

याचिका में कहा गया है कि यह एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मसला है और जब तक इसका समाधान नहीं हो जाता, तब तक नेशनल असेंबली में अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग नहीं होनी चाहिए। इसमें यह भी कहा गया है कि अदालत को देश की संप्रभुता और इसके सम्‍मान के खिलाफ राजनीतिक दलों की भूमिका की भी जांच करनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ इलेक्‍शन एक्‍ट 2017 के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।

End of Article