पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान बोले- हम करेंगे मदद, भारत ने दिया करारा जवाब

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 11, 2020, 09:04 PM IST

Imran Khan on India: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक रिपोर्ट का हवाला देकर भारत को मदद की पेशकश की है, इसपर भारत ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान बोले- हम करेंगे मदद, भारत ने दिया करारा जवाब

नई दिल्ली: भारत का पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान भारत के आंतरिक मसलों में दखल देने का कोई मौका चूकता नहीं है चाहें वो कश्मीर का मामला हो या देश की सुरक्षा का वो हर कहीं अपनी टांग अड़ाता है, इस बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा है कि वो भारत की मदद करने को तैयार हैं, वहीं इस मसले पर भारत ने भी पाकिस्तान को माकूल जवाब दिया है।

पाक प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक खबर को टैग करते हुए दावा किया कि भारत आर्थिक तंगी से जूझ रहा है और वह भारत की मदद करने के लिए तैयार हैं।

इमरान ने खबर को टैग करते हुए कहा, 'इस समाचार के मुताबिक भारत में 34 फीसदी परिवार बिना किसी मदद के एक हफ्ते से ज्यादा नहीं रह पाएंगे। मैं उनकी मदद के लिए तैयार हूं और अपने सफल कैश ट्रांसफर कार्यक्रम को उनसे साझा कर सकता हूं।

इमरान खान की टिप्पणी पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, भारत ने कोरोना के समय जितने बड़े स्पेशल पैकेज की घोषणा की है वो पाकिस्तान की जीडीपी के बराबर है।

यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो और मुंबई की संस्‍था सेंटर फॉर मॉनिटरिंग द इंडियन इकोनॉमी की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि करीब 84 प्रतिशत भारतीय घरों में लॉकडाउन के बाद आय में गिरावट आई है। कुल परिवारों में एक तिहाई परिवार बिना अतिरिक्‍त मदद के एक सप्‍ताह से ज्‍यादा जिंदा नहीं रह सकते हैं।

पाकिस्‍तान में खुद तमाम नेता हैं कोरोना से संक्रमित

पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खाकन अब्बासी और रेल मंत्री शेख राशिद अहमद भी संक्रमित हैं। एक प्रांतीय मंत्री समेत कम से कम चार सांसदों की मौत कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से हो चुकी है। पाकिस्तान के राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कम से कम 5,834 मामले सामने आए हैं और देश में कुल संक्रमितों की संख्या 119,536 हो गई है। वहीं अब तक 2,356 मरीजों की मौत हो चुकी है। इसी बीच एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने पाकिस्तान को कोरोना वायरस महामारी की चुनौती से निपटने के लिए 50 करोड़ अमेरिकी डॉलर का ऋण देने की घोषणा की है।

पाकिस्तान में कोरोना मरीजों की संख्या 119,536 हो गई है

पाकिस्तान में विपक्षी पार्टी पाकिस्‍तान मुस्लिम लीग-नवाज  के प्रमुख शहबाज शरीफ कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उधर, देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 119,536 हो गई है। पीएमएल-एन नेता अताउल्लाह तरार ने 68 वर्षीय शहबाज के संक्रमित होने की गुरुवार को पुष्टि की। उन्होंने दावा किया कि शहबाज धनशोधन के एक मामले में नौ जून को राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो के सामने पेश हुए थे और वह वहीं से संक्रमित हुए हैं।

End of Article