Air India Flight AI 102 Emergency Landing: दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को तकनीकी खराबी के कारण आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर को एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। फ्लाइट AI102, JFK (न्यूयॉर्क) एयरपोर्ट से रवाना हुई थी और शाम 4:30 बजे (स्थानीय समय) आयरलैंड में इमरजेंसी लैंडिंग की। एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया कि सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं, और एयरलाइन उन्हें पूरी मदद दे रही है।
विमान की तकनीकी जांच जारी
एयरलाइन के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, '15 मार्च को न्यूयॉर्क (JFK) से दिल्ली जा रही फ्लाइट AI102 को एक संभावित तकनीकी समस्या के कारण एहतियातन आयरलैंड के शैनन की ओर मोड़ दिया गया। विमान स्थानीय समय के अनुसार 0430 बजे शैनन एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया, और सभी यात्री तथा क्रू सुरक्षित हैं। विमान की सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार अभी विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है।'
एयरलाइन ने आगे कहा कि उसे अपने यात्रियों को हुई असुविधा का खेद है। उन्होंने कहा, 'हालांकि इस तरह के एहतियाती बदलाव सुरक्षा के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता के कारण किए जाते हैं, फिर भी हमें अपने यात्रियों को हुई असुविधा और परेशानी का खेद है। हम अपने यात्रियों और क्रू को सभी जरूरी सहायता देने के लिए शैनन एयरपोर्ट के अधिकारियों और स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं; उनकी सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जैसे ही कोई और जानकारी मिलेगी, हम उसे साझा करेंगे।'
दुबई में सुरक्षा संबंधी सूचना के बाद तिरुवनंतपुरम लौटी एमिरेट्स की उड़ान
तिरुवनंतपुरम से दुबई जाने वाली एमिरेट्स की एक उड़ान सोमवार को हवाई अड्डे पर सुरक्षा संबंधी सूचना मिलने के बाद लौट आयी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यहां हवाई अड्डे के एक प्रवक्ता ने बताया कि दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद होने के कारण एमिरेट्स की तिरुवनंतपुरम-दुबई उड़ान बीच रास्ते से ही लौट आयी और तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी।
यह उड़ान 353 यात्रियों और चालक दल के 19 सदस्यों के साथ सुबह चार बजकर 40 मिनट पर रवाना हुई और आठ बजकर 40 मिनट पर लौट आयी।
प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों को टर्मिनल पर ले जाया गया है। इससे पहले, एमिरेट्स की एक अन्य उड़ान ईके533 सुबह साढ़े चार बजे कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 352 यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी लेकिन दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अचानक बंद किए जाने के कारण कोच्चि लौट आयी।
