US Hantavirus: एक अमेरिकी नागरिक में हंतावायरस की पुष्टि हई है, हालांकि ये नागरिक अमेरिका में नहीं था, बल्कि उसे उस क्रूज से रेस्कयू किया गया था, जहां हंतावायरस फैला है। अमेरिकी स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले की जानकारी देते हुए कहा कि पीड़ित में हंतावायरस के कोई लक्षण नहीं मिले हैं, लेकिन उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव है।
17 अमेरिकी यात्रियो में से एक पॉजिटिव
अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने रविवार देर रात बताया कि एमवी होंडियस से निकाले गए 17 अमेरिकी यात्रियों में से एक का हंतावायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है, लेकिन उसमें कोई लक्षण नहीं दिख रहे हैं।
सैन्य और सरकारी विमानों से निकाले जा रहे हैं यात्री
हंतावायरस से प्रभावित क्रूज जहाज से निकाले गए यात्री रविवार को सैन्य और सरकारी विमानों से अपने घर लौटने लगे हैं। यह क्रूज जहाज कैनरी द्वीप समूह में रुका है, जहां से यात्रियों को निकाला जा रहा है। इस दौरान एक अमेरिकी यात्री का हंतावायरस टेस्ट पॉजिटिव आया और एक फ्रांसीसी यात्री में अलग-अलग विमानों में सवार होने के दौरान इस वायरस के लक्षण दिखाई दिए। अमेरिकियों को ले जा रहा विमान सोमवार तड़के ओमाहा, नेब्रास्का पहुंचने वाला था।
स्पेन ने अपने नागरिकों को निकाला
हंतावायरस से प्रभावित क्रूज पोत से स्पेनी यात्रियों को लेकर पहला विमान रविवार को स्पेन के कैनरी द्वीपसमूह स्थित टेनेरीफ से मैड्रिड के लिए रवाना हो गया, जहां उन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। स्पेन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि ’एमवी होंडियस’ नामक पोत से सबसे पहले स्पेन के नागरिक उतरे जिन्हें मैड्रिड में पृथकवास में रखा जाएगा।
