इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान सूझबूझ और असाधारण साहस दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की खुलकर प्रशंसा की है। नेतन्याहू ने उन्हें ‘सच्चा हीरो’ बताया। कॉकपिट में साथी सह-पायलट द्वारा कथित रूप से विमान को क्रैश करने की कोशिश और चाकू से किए गए हमले के बावजूद कैप्टन मच्छार ने 174 यात्रियों की जान बचाई। इस बड़ी घटना के बाद फ्लाईदुबई ने सुरक्षा और जांच के मद्देनजर इजराइल से आने- जाने वाली अपनी सभी उड़ाने अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं।
घायल होने के बावजूद हमलावर का किया सामना
इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला हुआ और उन्हें चाकू से चोट लगी। इसके बावजूद उन्होंने हमलावर का मुकाबला किया। वे कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे और यात्रियों व क्रू मेंबर को हमलावर पर काबू पाने में मदद मिली। नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पोस्ट में कैप्टन मच्छार की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी बहादुरी और सूझबूझ से बड़ा विमान हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि पायलट ने विमान में सवार 174 लोगों की जान बचाई, जिनमें इजरायली नागरिक भी शामिल थे। नेतन्याहू ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
तबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया विमान
रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में दोनों पायलटों के बीच कॉकपिट में तीखी झड़प हुई। इस दौरान एक पायलट ने कथित तौर पर दूसरे पायलट पर हमला किया और विमान को गिराने की कोशिश की। घटना के दौरान विमान ने पहले 7700 इमरजेंसी कोड और बाद में 7500 कोड जारी किया। 7500 कोड विमान में हाईजैकिंग या गैरकानूनी हस्तक्षेप का संकेत देता है। इसके बाद इजरायली वायुसेना के लड़ाकू विमानों को विमान की तरफ भेजा गया। विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया और वहां सुरक्षित उतारा गया। बाद में इजरायली अधिकारियों ने हाईजैकिंग की आशंका को खारिज कर दिया। सऊदी अधिकारी मामले में संदिग्ध से पूछताछ कर रहे हैं।
भारतीय दूतावास ने बताया- पायलट की हालत स्थिर
भारतीय दूतावास ने बताया कि कैप्टन स्मित मच्छार को तबुक शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई गई है। दूतावास ने कहा कि वह कैप्टन मच्छार के परिवार के संपर्क में है और सऊदी अधिकारियों के साथ उनके स्वास्थ्य को लेकर लगातार संपर्क बनाए हुए है।
13 साल से ज्यादा का विमान उड़ाने का अनुभव
कैप्टन स्मित मच्छार फ्लाईदुबई में डायरेक्ट-एंट्री कैप्टन के तौर पर कार्यरत हैं। उनके पास कमर्शियल एविएशन का 13 साल से ज्यादा का अनुभव है और उन्होंने करीब 9,750 घंटे उड़ान भरी है। उनका अधिकांश अनुभव बोइंग 737 विमान उड़ाने का है। फ्लाईदुबई से पहले वह एक भारतीय एयरलाइन में करीब 11 साल तक काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने लाइन ट्रेनिंग कैप्टन की जिम्मेदारी भी संभाली।
फ्लाईदुबई ने इजरायल की उड़ानें रोकीं
फ्लाईदुबई एयरलाइन ने घोषणा की है कि इजराइल के लिए आने-जाने वाली सभी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित रहेंगी। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि यह कदम संबंधित अधिकारियों को जांच जारी रखने और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाने का समय देने के लिए उठाया गया है। फ्लाईदुबई ने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग कर रही है और अपने पूरे नेटवर्क में सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी ने बताया कि वह सरकार, नियामक एजेंसियों और एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारियों के संपर्क में है।
यात्रियों को लेकर रेस्क्यू फ्लाइट इजरायल पहुंची
सऊदी अरब से भेजी गई फ्लाईदुबई की रेस्क्यू फ्लाइट इजरायल के बेन गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच गई। रिपोर्ट के मुताबिक, इस फ्लाइट में पहले डायवर्ट की गई उड़ान के करीब 180 यात्री सवार थे, जिनमें ज्यादातर इजरायली नागरिक थे। घटना के बाद नेतन्याहू ने इजरायली और गैर-इजरायली विमानों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं। मामले की जांच जारी है।
