दुनिया

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बड़ा आतंकी हमला; 9 पुलिसकर्मियों की हत्या, कई लापता, बांध परियोजना की सुरक्षा में थे तैनात

अफगानिस्तान और ईरान की सीमा से सटा बलूचिस्तान वर्षों से उग्रवाद और अलगाववादी हिंसा से प्रभावित रहा है। यहां सक्रिय कई संगठन पाकिस्तान सरकार से अधिक स्वायत्तता की मांग करते रहे हैं।

Image

बलूचिस्तान में पुलिस चौकी पर आतंकवादी हमला।

Photo : ANI

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में मंगलवार को सुरक्षाबलों पर बड़ा आतंकी हमला हुआ। प्रांत के ज़ियारत जिले में निर्माणाधीन मंगी डैम परियोजना की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर हथियारबंद हमलावरों ने अचानक गोलीबारी कर दी। इस हमले में कम से कम 9 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, मृतकों में दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। हमले के बाद इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि लापता पुलिसकर्मियों का पता लगाया जा सके। इस हमसे की अब तक किसी भी आतंकी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, बलूचिस्तान प्रशासन का दावा है कि घटना के बाद सुरक्षा बलों ने ज़ियारत क्षेत्र में चलाए गए 'क्लियरेंस ऑपरेशन' के दौरान तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के 15 आतंकियों को मार गिराया है।

इस हमले के विरोध में स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन भी किया है। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए मारे गए पुलिसकर्मियों को देश का गौरव बताया।

डैम परियोजना की सुरक्षा में थे जवान

वहीं, अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मी मंगी डैम निर्माण स्थल की सुरक्षा में तैनात थे। यह परियोजना बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में लंबे समय से बनी पानी की कमी को दूर करने के लिए तैयार की जा रही है।

बलूचिस्तान में लंबे समय से जारी है हिंसा

अफगानिस्तान और ईरान की सीमा से सटा बलूचिस्तान वर्षों से उग्रवाद और अलगाववादी हिंसा से प्रभावित रहा है। यहां सक्रिय कई संगठन पाकिस्तान सरकार से अधिक स्वायत्तता की मांग करते रहे हैं।

मई में भी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) पर सैन्य कर्मियों को ले जा रही ट्रेन पर हमले का आरोप लगा था, जिसमें 20 लोगों की मौत हुई थी। हाल के दिनों में सीमा पार से भी तनाव बढ़ा है। पिछले सप्ताह अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने इस क्षेत्र में हमले करने का दावा किया था, जबकि पाकिस्तान की सेना ने चार ड्रोन मार गिराने की बात कही थी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article