अमेरिका में एक बार फिर गन कल्चर का दर्दनाक रूप देखने को मिला है। यहां के लुइसियाना के श्रेवेपोर्ट में रविवार सुबह एक के बाद एक हुई गोलीबारी की घटनाओं ने पूरे इलाके को दहला दिया। आपस में जुड़ी इन फायरिंग की वारदातों में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर बच्चे शामिल हैं। मृतकों की उम्र 18 महीने से लेकर 14 साल तक बताई जा रही है।
पुलिस को सबसे पहले सुबह तड़के सीडर ग्रोव इलाके से कॉल मिली, जहां वेस्ट 79th स्ट्रीट और लिनवुड एवेन्यू के पास पहली गोलीबारी हुई। श्रेवेपोर्ट पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह घटना किसी घरेलू विवाद से जुड़ी हो सकती है, हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि अभी सभी पहलुओं की जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि यह एक 'लिंक्ड शूटिंग'थी, जो शहर के अलग-अलग हिस्सों तक फैली हुई थी। दूसरा क्राइम सीन पहली जगह से करीब एक चौथाई मील दूर हैरिसन स्ट्रीट पर मिला, जबकि तीसरा स्थान पास के बॉसियर पैरिश में ब्रॉम्पटन लेन पर लॉन्ग एकर ड्राइव के पास चिन्हित किया गया। इन तीनों जगहों को आपस में जुड़ा माना जा रहा है। फायरिंग में दो वयस्क महिलाओं को सिर में गोली लगी,लेकिन वे गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद बच गईं। वहीं, एक छोटा बच्चा अपनी जान बचाने के लिए छत से कूद गया,जिससे वह घायल हो गया है। इस फायरिंग में कुल मिलाकर 10 लोगों को गोली मारे जाने की पुष्टि हुई है।
वहीं, संदिग्ध हमलावर को बाद में बॉसियर पैरिश में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया। अधिकारियों ने अभी तक उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है और हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह हाल के समय की सबसे गंभीर घटनाओं में से एक है, जिसने पूरे समुदाय को झकझोर कर रख दिया है।यह घटना अमेरिका में बढ़ती गन हिंसा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े करती है, खासकर तब जब मासूम बच्चे इस तरह की वारदातों का शिकार बन रहे हैं।
