सोशल मीडिया पर एक वीडियो (Video) इस वक्त खूब वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक जंगली बाइसन ने एक बुजुर्ग पर ऐसा हमला किया कि देखने वालों की रूह कांप गई। वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि बाइसन बुजुर्ग का पीछा करता है। बुजुर्ग थोड़ी देर तक तो उस जंगली जानवर से बचकर भागते नजर आ रहे हैं लेकिन जैसे ही वे बाइसन के संपर्क में आते हैं वैसे ही बाइसन अपने सींग से बुजुर्ग को उठाकर हवा में उछाल देता है। बुजुर्ग हवा में 8 फीट ऊपर तक उछलकर नीचे गिर पड़ते हैं और बुरी तरह से चोटील हो जाते हैं।
कहां की है यह खौफनाक घटना?
यह घटना अमेरिका के मशहूर येलोस्टोन नेशनल पार्क की बताई जा रही है। जहां एक जंगली बाइसन (अमेरिकी जंगली भैंसा) ने अचानक एक बुजुर्ग पर्यटक पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बाइसन ने अपने सींग से जोरदार टक्कर मारकर बुजुर्ग को करीब 8 फीट तक हवा में उछाल दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे देखकर हैरान हैं।
अचानक बदल गया बाइसन का व्यवहार
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम ब्रिज बे कैंपग्राउंड इलाके में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना से पहले भी बाइसन काफी गुस्से में था। वह लोगों और वहां से गुजर रहे वाहनों की ओर दौड़ रहा था, जिससे पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया। इसी दौरान एक बुजुर्ग अपने छोटे पोते के साथ पार्क में घूम रहे थे। दोनों बाइसन से काफी दूरी पर थे और सुरक्षित जगह से उसे देख रहे थे। कुछ देर बाद बाइसन शांत दिखाई देने लगा, इसलिए लोगों को लगा कि अब खतरा टल गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
अचानक दादा-पोते पर दौड़ पड़ा बाइसन
इसके बाद एक पिकअप ट्रक वहां से गुजरा और बाइसन फिर से भड़क गया। हालांकि उसने ट्रक पर हमला नहीं किया, बल्कि अचानक दिशा बदलकर उन पेड़ों की तरफ दौड़ पड़ा, जहां बुजुर्ग और उनका पोता खड़े थे। दोनों ने वहां से भागने की कोशिश की। पोता तेजी से दौड़कर सुरक्षित निकल गया, लेकिन बुजुर्ग उतनी तेजी से नहीं भाग सके। बाइसन ने उनका पीछा किया और कुछ ही सेकंड में सींग से जोरदार हमला कर दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग करीब 8 फीट तक हवा में उछल गए और जोर से जमीन पर गिर पड़े।
लोगों ने दिखाई बहादुरी
हमले के बाद भी बाइसन घायल व्यक्ति के पास ही खड़ा रहा। लोग डर के कारण मदद के लिए आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। तभी कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाई। उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाया और बाइसन का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इसके बाद जानवर वहां से हट गया और घायल पर्यटक को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया जा सका।
पार्क प्रशासन ने दी चेतावनी
घटना के बाद येलोस्टोन नेशनल पार्क प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जंगली जानवरों से हमेशा सुरक्षित दूरी बनाए रखें। अधिकारियों के अनुसार, एक वयस्क बाइसन का वजन करीब 900 किलोग्राम तक हो सकता है और वह इंसानों से कई गुना तेजी से दौड़ सकता है। ऐसे में उसके करीब जाना या उसे हल्के में लेना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। फिलहाल घायल बुजुर्ग का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
