Binance Hacking Crypto Market Crash : दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज Binance पर संभावित साइबर हमले ने पूरी क्रिप्टो इंडस्ट्री में हड़कंप मचा दिया है। शुरुआती जांच में इस सुरक्षा सेंध का अनुमानित असर 6.3 अरब डॉलर यानी करीब 60,000 करोड़ रुपये बताया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए Binance ने अपने प्लेटफॉर्म पर डिपॉजिट और विड्रॉल यानी क्रिप्टो जमा करने और निकालने की सुविधा अस्थायी रूप से रोक दी है।
इस खबर का असर क्रिप्टो बाजार पर भी दिखाई दिया। Bitcoin गिरकर 77,646 डॉलर तक पहुंच गया, जो करीब 6 हफ्ते का निचला स्तर है। इसके अलावा Ethereum और Binance के अपने टोकन BNB में भी तेज गिरावट देखने को मिली। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हमले में वास्तव में कितनी रकम चोरी हुई है। Binance ने इसे सुरक्षा से जुड़ी घटना बताया है और जांच जारी है।
इंजीनियर का लैपटॉप बना एंट्री पॉइंट?
Binance की शुरुआती जांच में साइबर हमले के पीछे एक चौंकाने वाली आशंका सामने आई है। कंपनी के मुताबिक, उसके एक DevOps इंजीनियर का लैपटॉप हैक होने की आशंका जताई गई है। इसके जरिए हमलावर को कंपनी के एक सर्विस कंटेनर तक पहुंच मिली और उसने अनधिकृत विड्रॉल ट्रांजैक्शन सबमिट किए।
हालांकि, Binance ने साफ किया है कि जांच में अब तक किसी वॉलेट की प्राइवेट की लीक होने का सबूत नहीं मिला है। कंपनी ने कहा है कि पूरी जांच के बाद विस्तृत टेक्निकल रिपोर्ट जारी की जाएगी।
यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि Binance दुनिया का सबसे बड़ा क्रिप्टो एक्सचेंज है और इसके प्लेटफॉर्म पर करोड़ों यूजर्स कारोबार करते हैं। Reuters के मुताबिक, एक्सचेंज के 335 मिलियन से ज्यादा रजिस्टर्ड यूजर्स हैं।
₹60,000 करोड़ का मामला, कितनी रकम हुई फ्रीज?
Binance ने 30 अक्टूबर को जारी आधिकारिक अपडेट में इस सुरक्षा घटना का अनुमानित कुल असर 6.3 अरब डॉलर यानी करीब 60,000 करोड़ रुपये बताया। इसमें से करीब 3 अरब डॉलर की क्रिप्टो संपत्तियां ब्लॉकचेन पर फ्रीज की जा चुकी हैं। इससे पहले Binance ने 2.54 अरब डॉलर की संपत्तियां फ्रीज होने की पुष्टि की थी। बाद में कंपनी ने यह आंकड़ा बढ़कर करीब 3 अरब डॉलर होने की जानकारी दी।
इस कार्रवाई में दो बड़ी स्टेबलकॉइन कंपनियों Tether और Circle की भी अहम भूमिका रही। Tether के CEO Paolo Ardoino ने बताया कि कंपनी ने इस घटना से जुड़ी करीब 1.57 अरब डॉलर की डिजिटल करेंसी फ्रीज की है। वहीं Circle ने 80 करोड़ डॉलर से ज्यादा की संपत्ति ब्लॉक की है।
Bitcoin 6 हफ्ते के निचले स्तर पर, BNB में भी बड़ी गिरावट
Binance में संभावित हैकिंग की खबर से निवेशकों का भरोसा प्रभावित हुआ और क्रिप्टो बाजार में बिकवाली तेज हो गई। शुक्रवार को शुरुआती एशियाई कारोबार में Bitcoin करीब 2% गिरकर 77,646 डॉलर पर आ गया। यह 6 हफ्ते का निचला स्तर है। Ethereum करीब 2% टूटकर 2,238.76 डॉलर पर पहुंच गया।
Binance का अपना क्रिप्टो टोकन BNB पिछले 24 घंटे में 8% से ज्यादा गिरकर करीब 694 डॉलर पर कारोबार करता दिखा। क्रिप्टो एक्सचेंज Coinbase के शेयर भी अमेरिकी कारोबार के बाद करीब 4.8% गिर गए।
बाजार की चिंता सिर्फ संभावित चोरी की रकम को लेकर नहीं है। Binance जैसी बड़ी कंपनी के सिक्योरिटी सिस्टम में सेंध लगने से पूरी क्रिप्टो इंडस्ट्री की सुरक्षा और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Binance का दावा- यूजर्स का पैसा सुरक्षित, कंपनी उठाएगी नुकसान
Binance ने अपने यूजर्स को भरोसा दिलाया है कि उनका पैसा सुरक्षित है और साइबर हमले से होने वाले किसी भी नुकसान की भरपाई कंपनी करेगी।
इसके लिए Binance अपने सिक्योर एसेट फंड फॉर यूजर (SAFU) और कंपनी के फंड का इस्तेमाल करेगी। SAFU एक इमरजेंसी रिजर्व फंड है, जिसे यूजर्स की संपत्तियों की सुरक्षा के लिए बनाया गया है।
कंपनी ने प्रभावित एड्रेस की ऑथराइजेशन रद्द कर दी है। साथ ही कानून प्रवर्तन एजेंसियों और ब्लॉकचेन इंटेलिजेंस फर्मों के साथ मिलकर संदिग्ध ट्रांजैक्शन को ट्रैक करने और रकम रिकवर करने का काम किया जा रहा है।
Binance ने कहा है कि सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद डिपॉजिट और विड्रॉल सेवाएं दोबारा शुरू की जाएंगी। कंपनी ने जांच पूरी होने के बाद अपना अपडेटेड प्रूफ ऑफ रिजर्व (PoR) जारी करने की भी बात कही है।
मस्क ने AI से जुड़ा खतरा बताया
इस हैकिंग के मामले को मस्क ने जीरीडे इवेंट से जोड़कर बताया है। मस्क लगातार दावा कर रह हैं कि AI सिंगुलैरिटी पॉइंट की तरफ बढ़ रहा है और कोई भी दिन जीरोडे साबित हो सकता है। यानी ऐसा दिन जब AI अपना नियंत्रण अपने हाथ में ले लेगा। इसके बाद AI अपनी जरूरतों को खुद पूरा करेगा, अपना ऑपरेशन डिजिटल और फिजिकल दुनिया में खुद से कर पाएगा।
TIMESNOW नवभारत पर यह भी पढ़ें : China AI Crash: ₹333 लाख करोड़ स्वाहा! क्या अब अमेरिका की बारी?
