वायरल न्यूज़

मर्दों की नो-एंट्री! लखनऊ में साड़ी पहनकर अखाड़े में उतरी महिलाएं, सोशल मीडिया पर छाया दंगल का ये वीडियो

Viral Video: लखनऊ के अहमामऊ गांव में 200 साल पुरानी 'हापा' परंपरा का ऐसा रंग जमा कि देखने वाले देखते रह गए। नागपंचमी के बाद लगने वाले इस अनोखे अखाड़े में पुरुषों की एंट्री पूरी तरह बैन रहती है। यहां गांव की गृहणियां साड़ी और गहनों में सज-धजकर कुश्ती लड़ने उतरती हैं।

Image

महिलाओं की अनोखी कुश्ती (तस्वीर साभार- @AnathNagrik)

Viral Video: राजधानी लखनऊ (Lucknow) के अहमामऊ गांव में हर साल नागपंचमी के अगले दिन एक ऐसी अनूठी और सदियों पुरानी परंपरा देखने को मिलती है, जो महिला सशक्तिकरण की एक अलग मिसाल पेश करती है। स्थानीय भाषा में इसे 'हापा' कहा जाता है। हाल ही में सामने आए एक वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे गांव की चौपाल में सैकड़ों महिलाओं और बच्चों की भीड़ जमी हुई है। ढोलक की थाप और तालियों की गूंज के बीच हरी और भूरी साड़ी पहने दो महिलाएं आपस में हाथ मिलाकर कुश्ती की शुरुआत करती हैं। दांव-पेंच के बाद एक महिला दूसरी को चित कर देती है, जिसे देखकर आसपास मौजूद महिलाएं खुशी से झूम उठती हैं और जयकारे लगाती हैं।

    हापा अखाड़े का सबसे सख्त नियम यह है कि इसमें पुरुषों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित होता है। अखाड़े के संचालन और सुरक्षा के लिए 5 बुजुर्ग महिलाओं की एक अनुशासनात्मक कमेटी बनाई जाती है। यह कमेटी ध्यान रखती है कि कोई भी पुरुष मैदान में न आए और कुश्ती के दौरान किसी महिला को चोट न लगे। गांव के पुरुष और युवा इस अनोखे मुकाबले को केवल अपने घरों की छतों या खिड़कियों से ही छुपकर देख पाते हैं। देखें वीडियो...

    महिलाओं की कुश्ती

    यहां आपको बता दें कि यह कुश्ती पेशेवर पहलवानों की नहीं, बल्कि गांव की आम गृहणियों की होती है। इस दिन घूंघट में रहने वाली बहू भी अपनी सास को अखाड़े में चुनौती दे सकती है। पारंपरिक परिधान, श्रृंगार और गहनों में सजी महिलाएं पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लेती हैं। आयोजन के दौरान लोकगीतों और पारंपरिक गालियों के जरिए अखाड़े का माहौल जीवंत बनाया जाता है, जिसे मां काली और भवानी का आशीर्वाद पाने का जरिया माना जाता है। हापा में कोई हारता नहीं है। जो महिला बाजी मारती है, उसे पुरस्कार के रूप में नई साड़ी भेंट की जाती है, जबकि दूसरी प्रतिभागी को नकद राशि देकर सम्मानित किया जाता है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। एक्स पर इस वीडियो को AnathNagrik नाम के पेज से शेयर किया गया है।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article