वायरल न्यूज़

VIDEO: भाई ने जलेबी बनाई, बहन खाए...शिवराज सिंह चौहान ने खुद तलीं जलेबियां, 'लखपति दीदी' को दिया करोड़पति बनने का आशीर्वाद

Viral Video: केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का एक बेहद आत्मीय और मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। 'लखपति दीदी' के एक फूड स्टॉल पर पहुंचे शिवराज सिंह चौहान ने न केवल खुद कढ़ाही में करारी जलेबियां तलीं, बल्कि उन्हें चाशनी में डुबोकर वहां मौजूद महिला उद्यमी और अधिकारियों को खिलाया।

Image

शिवराज सिंह ने खुद बनाई जलेबी (तस्वीर साभार- @ChouhanShivraj)

Viral Video: अपने सहज, सरल और आमजन से सीधे जुड़ जाने वाले अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 'लखपति दीदी' पहल से जुड़ी महिला उद्यमियों के एक स्टॉल पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने न केवल उनका उत्साहवर्धन किया, बल्कि खुद कढ़ाही के सामने खड़े होकर गरमागरम जलेबियां भी तलीं। पारंपरिक पहाड़ी टोपी और खूबसूरत शॉल ओढ़े शिवराज सिंह चौहान जब 'लखपति दीदी' के फूड स्टॉल पर पहुंचे, तो वहां का माहौल एकदम उत्सव जैसा हो गया।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि केंद्रीय मंत्री बेहद सधे हुए हाथों से कपड़े की पोटली पकड़ते हैं और खौलते तेल की कढ़ाही में गोल-गोल जलेबियां उतारने लगते हैं। इतना ही नहीं, वे चिमटे की मदद से जलेबियों को पलटते हैं और सुनहरी होने पर उन्हें चाशनी के बर्तन में डुबोते हैं। वहां मौजूद महिला उद्यमी से हंसते हुए पूछते हैं कि जलेबियां ठीक से पक रही हैं या नहीं। जलेबियां तैयार होने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने पहले वहां मौजूद अधिकारियों को अपने हाथों से जलेबी परोसी और फिर एक प्लेट स्टॉल संचालक महिला उद्यमी की ओर बढ़ाई। प्लेट देते हुए उन्होंने बेहद आत्मीय अंदाज में कहा कि भाई ने जलेबी बनाई, बहन खाए। लखपति तो बन गई है, अब करोड़पति भी बन जाए, यही शुभकामना है। केंद्रीय मंत्री के मुंह से यह बात सुनकर वहां मौजूद महिला उद्यमी और अन्य लोगों के चेहरे खिल उठे। यह पल न केवल महिला सशक्तिकरण के संदेश को मजबूती देता दिखा, बल्कि एक जनप्रतिनिधि और आम नागरिक के बीच के पारिवारिक रिश्ते को भी बखूबी दर्शाता है। देखें वीडियो...

शिवराज सिंह का अनोखा अंदाज

वहीं, जब शिवराज सिंह चौहान ने खुद अपनी बनाई जलेबी का एक टुकड़ा चखा, तो उन्होंने बेहद मजेदार अंदाज में चुटकी ली। मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा कि अब अपनी बनाई चीज तो अच्छी लगती ही है ना। जब मैं पढ़ता था, तो खिचड़ी बनाता था और खुद ही खाता था, फिर कहता था-वाह, क्या खिचड़ी बनी है। ऐसे ही अपना खुद का बनाया खाओ तो बहुत अच्छा लगता है। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है और लोग उनकी जमकर तारीफ भी कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि 'लखपति दीदी' जैसी योजनाओं से जुड़ी ग्रामीण और शहरी महिला उद्यमियों का मनोबल बढ़ाने के लिए किसी केंद्रीय मंत्री का इस तरह उनके स्टॉल पर जाकर हाथ बंटाना बेहद प्रेरक है। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article