Viral Video: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के सोलन से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो प्रशासनिक दावों की पोल खोलने के साथ-साथ हर किसी को हैरान कर रही है। यहां छोटे-छोटे स्कूली बच्चे हर रोज मौत से हाथ मिलाकर पढ़ाई करने के लिए स्कूल पहुंच रहे हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में मासूम बच्चे बिना किसी सुरक्षा उपकरण के नदी पार करते दिखाई दे रहे हैं। इलाके में नदी पर कोई पक्का पुल न होने की वजह से ग्रामीणों ने मजबूरी में लोहे के पाइप बिछाए हैं और रस्सी-ट्रॉली का जुगाड़ बनाया है। बच्चे इन्हीं लोहे के पतले पाइपों पर चलकर और झूले जैसी ट्रॉली में बैठकर नदी के एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचते हैं।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नदी का बहाव तेज है और लोहे के पाइप पर संतुलन बनाना बेहद खतरनाक है। इस दौरान अगर किसी बच्चे का पैर फिसल जाए या ट्रॉली का संतुलन बिगड़े, तो बड़ा और जानलेवा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद, शिक्षा पाने की ललक में ये बच्चे रोज इस खौफनाक सफर को तय करने के लिए मजबूर हैं। जिसने भी यह नजारा देखा वो दंग रह गया। कई लोगों को तो अपनी आंखों पर यकीन तक करना मुश्किल हो रहा था। देखें वीडियो...
दिल दहलाने वाल नजारा
वीडियो देखकर आपका दिमाग भी जरूर एक पल के लिए चकरा गया होगा। सोच रहे होंगे कि ये तो बच्चों के साथ खिलवाड़ है। आलम ये है कि यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर छाया हुआ है और लोग कई तरह के सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से नदी पर पक्के पुल के निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। बारिश के दिनों में जलस्तर बढ़ने पर स्थिति और अधिक भयानक हो जाती है। इतना ही नहीं लोग स्थानीय प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठा रहे हैं। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
