Viral Video: सोशल मीडिया पर अक्सर कई तरह के वीडियो वायरल होते रहते हैं, लेकिन कुछ वीडियो सीधे दिल को छू जाते हैं। ऐसा ही एक बेहद भावुक और प्यारा वीडियो अरुणाचल प्रदेश (Arunachal Pradesh) की राजधानी ईटानगर से सामने आया है। इस वीडियो में एक छोटी बच्ची मासूमियत से भरी आवाज में देशवासियों के सामने अपनी बात रख रही है। बच्ची कहती है कि हम चाइनीज नहीं इंडियन हैं। अगर कोई हमें चाइनीज कहता है, तो बहुत बुरा लगता है। जिस अंदाज में बच्ची लोगों से अपील कर ही है, उसने हर किसी का दिल जीत लिया है। आलम ये है कि इस वीडियो को लोग बार-बार देख रहे हैं।
वीडियो में आप देख सकते हैं बैंगनी टी-शर्ट पहने यह क्यूट बच्ची बेहद मासूम अंदाज में अपनी व्यथा बयां करती है। वह कहती है कि हमको चाइनीज बोलने से हम बहुत दुखी होते हैं, बहुत गुस्सा आता है। प्लीज हमको ऐसा मत बोलो, हम बहुत दुखी हो जाते हैं। हमको इंडिया बोलो, हम इंडिया के हैं... हम ईटानगर में रहते हैं। बच्ची हाथ जोड़कर लोगों से गुजारिश करती है कि उसे और उसके क्षेत्र के लोगों को भारतीय कहकर ही पुकारा जाए, क्योंकि पूर्वोत्तर भारत हमारे देश का एक अभिन्न और खूबसूरत हिस्सा है। देखें वीडियो...
बच्ची की बातों ने किया इमोशनल
बच्ची की इस भावुक और सच्ची फरियाद ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो पर जमकर प्यार बरसा रहे हैं। लोग न सिर्फ बच्ची की मासूमियत और क्यूट अंदाज की तारीफ कर रहे हैं, बल्कि इस बात पर भी जोर दे रहे हैं कि पूर्वोत्तर के हमारे भाइयों-बहनों को अपनी ही सरजमीं पर किसी भी प्रकार के भेदभाव या नस्लीय टिप्पणियों का सामना न करना पड़े। इस वीडियो को देखकर आप भी जरूर भावुक हो गए हैं। यहां आपको बता दें कि अक्सर पूर्वोत्तर भारत के लोगों को अपनी शारीरिक बनावट के कारण रूढ़िवादी टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है। इस छोटी सी बच्ची की एक अपील ने समाज की इस सोच पर कड़ा प्रहार किया है। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
