Viral Video: सड़क सुरक्षा को लेकर अक्सर कड़े नियम और भारी-भरकम चालान की खबरें सामने आती रहती हैं, लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो (Trending Video) सामने आया है, जो लोगों के दिलों को छू रहा है। इस वीडियो में एक ट्रैफिक पुलिस अधिकारी बिना हेलमेट स्कूटी चला रही दो छात्राओं को बेहद प्यार और आत्मीयता से समझाते नजर आ रहे हैं। इस नजारे को देखने के बाद लोग पुलिस अधिकारी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रैफिक पुलिस अधिकारी रात के समय सड़क पर गश्त के दौरान स्कूटी सवार दो बुर्का पहने छात्राओं को रोकते हैं। गाड़ी रुकवाकर वे बेहद शांत लहजे में पूछते हैं कि क्या वे पढ़ाई करती हैं। इसके बाद वे कहते हैं कि जब स्कूटी खरीदी होगी, तो साथ में हेलमेट भी मिला होगा? फिर उसे पहनकर क्यों नहीं चलतीं? अधिकारी आगे समझाते हुए कहते हैं कि सड़क पर सुरक्षा सबसे जरूरी है। अगर कोई अनहोनी या दुर्घटना हो जाती है, तो सबसे ज्यादा तकलीफ परिवार और माता-पिता को झेलनी पड़ती है। उन्होंने मजाकिया और आत्मीय अंदाज में कहा कि जिस तरह चेहरा ढकने के लिए नकाब लगाया है, उसी तरह सिर की सुरक्षा के लिए हेलमेट भी पहनना चाहिए। देखें वीडियो...
पुलिस अधिकारी की प्यार भरी क्लास
अधिकारी ने छात्राओं पर कोई जुर्माना लगाने के बजाय उनसे एक जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की। उन्होंने छात्राओं से हाथ जोड़कर वादा लिया कि वे आगे से जब भी घर से बाहर निकलेंगी, हमेशा हेलमेट पहनकर ही गाड़ी चलाएंगी। छात्राओं द्वारा वादा किए जाने के बाद अधिकारी ने उन्हें धन्यवाद दिया और जाने दिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को tsi_ajay_sharma नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं। जबकि, हजारों लोगों ने इस वीडियो को पसंद किए हैं। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
