Viral Video: स्विटजरलैंड के स्विस आल्प्स से एक चौंका देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां बर्च ग्लेशियर के आंशिक रूप से ढहने से हुए विनाशकारी भूस्खलन हुआ। इससे स्विट्जरलैंड के वैलेस कैंटन में मौजूद एक छोटे से अल्पाइन गांव ब्लैटन का लगभग पूरा इलाका दफन हो गया। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि, बुधवार को एक पहाड़ से बर्फ, कीचड़ और पत्थर का सैलाब आया, जिसने ब्लैटन गांव के लगभग 90% हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। 28 मई की एक फुटेज में ग्लेशियर के टूटने से घाटी में धूल के बड़े-बड़े बादल छाए हुए दिखे।
गौरतलब है कि, मई की शुरुआत में जब बर्च ग्लेशियर के पीछे पहाड़ का एक हिस्सा टूटने लगा था तभी गांव के 300 निवासियों को वहां से निकाल दिया गया था। भूस्खलन ने लोन्ज़ा नदी के तल को भी दफन कर दिया। बताया जाता है कि, खोजी कुत्तों और थर्मल ड्रोन स्कैन के साथ बचाव दल ने लापता 64 वर्षीय व्यक्ति की तलाश जारी रखी है, मगर उन्हें अब तक कुछ नहीं मिला है। स्थानीय पुलिस ने गुरुवार दोपहर को खोज को स्थगित कर दिया, यह कहते हुए कि मलबे के ढेर अभी बहुत अस्थिर हैं।
इस आपदा में 65 वर्षीय सांस्कृतिक अध्ययन विशेषज्ञ वर्नर बेलवाल्ड ने 1654 में निर्मित लकड़ी का पारिवारिक मकान खो दिया, जहां वे रीड में रहते थे। रॉयटर्स से बातचीत करते हुए वे बोले कि, 'आप यह नहीं कह सकते कि वहां कभी कोई बस्ती थी। वहां ऐसी चीजें हुईं, जिनके बारे में यहां किसी ने सोचा भी नहीं था कि वे संभव हैं।' कैंटोनल भूविज्ञानी राफेल मेयोराज ने स्विस राष्ट्रीय प्रसारक एसआरएफ को बताया कि, 'लोन्ज़ा नदी का पानी घाटी में नहीं बह सकता है, क्योंकि वहां एक बहुत बड़ा अवरोध है। निचले इलाकों के गांवों में बाढ़ आने की संभावना है।' वहीं, ज्यूरिख विश्वविद्यालय में पर्यावरण एवं जलवायु के प्रोफेसर क्रिश्चियन हग्गेल ने बताया कि, 'नदी में बांध के मलबे के कारण प्रतिदिन 10 लाख क्यूबिक मीटर पानी जमा हो रहा है।'
स्थानीय प्राधिकारियों के प्रवक्ता मैथियास एबेनर का कहना है कि, 'भूस्खलन से बची हुई इमारतें अब जलमग्न हो गई हैं तथा एहतियात के तौर पर पड़ोसी गांवों के कुछ निवासियों को वहां से हटा दिया गया है।' वैलेस क्षेत्र के सुरक्षा प्रमुख स्टीफन गैंजर ने कहा, 'इस समय मैं आपको यही बता सकता हूं कि गांव का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा डूब गया है या नष्ट हो गया है, इसलिए ब्लैटन में यह एक बड़ी आपदा है।'
(एजेंसी से प्राप्त इनपुट के साथ)
