देश

सुप्रीम कोर्ट में मामला, फिर सड़कों पर प्रदर्शन क्यों? राहुल गांधी से BJP का तीखा सवाल

INDIA Alliance Protest: बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।

Image

बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी का तीखा हमला

Photo : ANI

INDIA Alliance Protest: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और नेता प्रदीप भंडारी (Pradeep Bhandari) ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि आज कांग्रेस पार्टी सीधे तौर पर देश की आम जनता के खिलाफ खड़ी हो गई है। राहुल गांधी और गांधी-वाड्रा परिवार अपनी राजनीतिक जमीन खो चुके हैं और जनता उन पर भरोसा नहीं करती, इसलिए वे लोकतांत्रिक तरीकों से सत्ता में आने के बजाय लोकतंत्र को ही नुकसान पहुंचाने में लगे हैं।

प्रदीप भंडारी ने सवाल उठाया कि जब मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़ा मामला पहले से ही देश की सर्वोच्च अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, तो क्या राहुल गांधी को न्यायपालिका पर भरोसा नहीं है? उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट भीड़तंत्र या सड़कों के हंगामे के आधार पर फैसले नहीं करता, बल्कि तथ्यों पर चलता है। इसी सच से घबराकर राहुल गांधी सड़कों पर अराजकता फैलाकर संवैधानिक संस्थाओं और न्याय तंत्र पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

देश के 40 से ज्यादा पूर्व न्यायाधीशों ने लिखा ओपन लेटर

बीजेपी नेता ने यह भी बताया कि देश के 40 से अधिक पूर्व न्यायाधीशों ने एक खुला पत्र लिखकर चिंता जताई है कि कैसे कांग्रेस पार्टी देश के संवैधानिक ढांचे के प्रति अविश्वास का माहौल पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी और राहुल-प्रियंका के नेतृत्व में हो रहे ये प्रदर्शन देश के लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुके हैं। असम और त्रिपुरा जैसे राज्यों में हार का जिक्र करते हुए भंडारी ने कहा कि कांग्रेस हार से बौखला चुकी है और अब संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाकर देश में अराजकता फैलाना चाहती है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article