बिजनेस

Vedanta Dividend: वेदांता के शेयरधारकों की बल्ले-बल्ले! प्रति शेयर मिलेंगे इतने रुपये का डिविडेंड

वेदांता लिमिटेड धातुओं, महत्वपूर्ण खनिजों और प्रौद्योगिकी की प्रमुख वैश्विक उत्पादक कंपनी है। शेयर बाजार को दी जानकारी के अनुसार, लाभांश के लिए रिकॉर्ड तारीख 14 अक्टूबर, 2026 तय की गई है।

Image

वेदांता ने दिया डिविडेंड

Vedanta Dividend: वेदांता लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष के लिए पांच रुपये प्रति शेयर के अंतरिम लाभांश की गुरुवार को घोषणा की। इस पर करीब 1,955 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि विभिन्न कारोबार के विभाजन के बाद यह उसका पहला अंतरिम लाभांश है। इससे अधिक केंद्रित एवं विविधीकृत प्राकृतिक संसाधन कंपनी के रूप में नए चरण में प्रवेश करते हुए शेयरधारकों को मूल्य देने पर कंपनी के जोर की पुष्टि होती है।

1,955 करोड़ रुपये खर्च होंगे

वेदांता ने जानकारी में कहा कि वेदांता लिमिटेड के निदेशक मंडल ने आज यानी आठ अक्टूबर, 2026 को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए एक रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर पांच रुपये का पहला अंतरिम लाभांश मंजूर किया है। इस पर कुल 1,955 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह लाभांश वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी के मजबूत परिचालन प्रदर्शन के तुरंत बाद घोषित किया गया है। वेदांता ने अपने विभिन्न कारोबार में व्यापक स्तर पर तेजी दर्ज की है।

रिकॉर्ड तारीख 14 अक्टूबर

कंपनी ने प्रमुख कारोबार में तिमाही और छमाही उत्पादन के नए रिकॉर्ड बनाए हैं जिसमें जस्ता, फेरो अलॉय, बंदरगाह और एल्युमीनियम कारोबार का प्रदर्शन विशेष रूप से मजबूत रहा। शेयर बाजार को दी जानकारी के अनुसार, लाभांश के लिए रिकॉर्ड तारीख 14 अक्टूबर, 2026 तय की गई है और राशि का भुगतान निर्धारित समयसीमा में किया जाएगा। वित्त वर्ष 2025-26 में वेदांता ने तीन अंतरिम लाभांश के जरिये 34 रुपये प्रति शेयर का लाभांश घोषित किया था। इससे पहले वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी ने 43.50 रुपये प्रति शेयर का लाभांश दिया था। कंपनी ने वर्षों से लगातार मजबूत लाभांश वितरण का रिकॉर्ड बनाए रखा है।

कंपनी का मुनाफा बढ़ा

खनन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी वेदांता लिमिटेड का जून, 2026 को समाप्त तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 71.8 प्रतिशत बढ़कर 5,473 करोड़ रुपये हो गया था। कंपनी ने इसका कारण वैश्विक धातु कीमतों में वृद्धि के बीच अधिक बिक्री और रुपये की विनिमय दर में गिरावट को बताया था। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का खर्च बढ़कर 17,558 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 13,203 करोड़ रुपये था।

वेदांता लिमिटेड धातुओं, महत्वपूर्ण खनिजों और प्रौद्योगिकी की प्रमुख वैश्विक उत्पादक कंपनी है। वेदांता समूह की चार अलग की गई इकाइयां- वेदांता एल्युमीनियम मेटल, वेदांता पावर, वेदांता ऑयल एंड गैस और वेदांता आयरन एंड स्टील जून में शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई थीं।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article