देश

BJP सांसद ने IAF दिवस पर शेयर की पाकिस्तानी विमान की फोटो, कांग्रेस नेता बोले- 25 साल हाल बेहाल

Indian Air Force Foundation Day: बुलंदशहर से भाजपा सांसद डॉ. भोला सिंह के एक पोस्ट से विवाद गर्मा गया जिसके बाद उन्होंने पोस्ट को डिलीट करवा दिया।

Image

भाजपा सांसद के पोस्ट से गर्माया विवाद

Photo : Times Now Digital

Indian Air Force Foundation Day: बुलंदशहर से भाजपा सांसद और राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. भोला सिंह गुरुवार को अचानक सुर्खियों में आ गए। वजह एक सोशल मीडिया पोस्ट है। भाजपा सांसद ने भारतीय वायु सेना (IAF) के स्थापना दिवस के मौके पर एक विवादित पोस्ट कर दिया जिसके बाद कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने डॉ. भोला सिंह से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पर निशाना साधा।

क्या है पूरा मामला ?

भाजपा सांसद के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से एक शुभकामना संदेश वाला पोस्टर शेयर किया गया। इस पोस्टर में भारतीय लड़ाकू विमान की जगह पर कथित तौर पर पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमान की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, विवाद को बढ़ता देख पोस्ट को तत्काल डिलीट कर दिया गया। इसके बावजूद, विवादास्पद पोस्ट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

BJP पर बरसी कांग्रेस

इस मामले को लेकर कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने डॉ. भोला सिंह के पोस्ट की तस्वीर को शेयर करते हुए जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा, ''भारतीय जनता पार्टी के भारतीय सांसद पाकिस्तान के लड़ाकू विमान का चित्र लगाकर भारतीय वायुसेना दिवस की बधाई दे रहे हैं। मोदी जी के 25 साल हाल बेहाल।''

भाजपा सांसद ने दी सफाई

हिंदी समाचार वेबसाइट दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा सांसद डॉ. भोला सिंह ने मामले को तूल पकड़ता देख तत्काल सफाई दी और इसे मानवीय भूल करार दिया। उन्होंने कहा कि यह जानबूझकर की गई गलती नहीं थी, बल्कि पोस्टर डिजाइन और एडिट करने वाले व्यक्ति की मानवीय भूल के कारण हुई। जैसे ही इस त्रुटि के बारे में पता चला, पोस्ट को तत्काल डिलीट करवा दिया गया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article