Viral Video: स्पिरिट एयरलाइंस की एक फ्लाइट का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक फ्लाइट अटेंडेंट को मजेदार अंदाज में अनाउंसमेंट करते दिखाया गया है। हालांकि, कुछ लोगों ने इस बात पर भी चर्चा की कि, क्या उड़ान के दौरान सुरक्षा संबंधी ब्रीफिंग में हास्य का कोई स्थान है ? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में, फ्लाइट अटेंडेंट को विमान के सामने खड़े होकर, हास्यास्पद तरह से सवाल जवाब करने से पहले सामान्य सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए देखा जा सकता है।
फ्लाइट अटेंडेंट ने कहा कि, 'ठीक है देवियों और सज्जनों, देखते हैं कि कौन ध्यान दे रहा है। आगे बढ़ो और दिखाओ कि ऑक्सीजन मास्क कहां से नीचे आता है।' जब केवल कुछ ही यात्री जवाब देते हैं, तो वह मज़ाक में कहती है, 'यह बहुत बढ़िया है - आप में से तीन को ऑक्सीजन मिलने जा रही है।' इस बातचीत के दौरान ही विमान में सवार यात्री हंसने लगे और बाद में सोशल मीडिया पर यूजर्स भी मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया देने लगे।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, जब उन्होंने विमान में मौजूद माताओं को संबोधित किया तो भी ये आनंद जारी रहा। अटेंडेंट के मानक दिशा-निर्देशों में वयस्कों को बच्चों की सहायता करने से पहले अपना ऑक्सीजन मास्क सुरक्षित करने की बात कही गई है। उन्होंने कहा, 'महिलाओं, आपके साथ यात्रा करने वाला बच्चा कई अलग-अलग आकार और साइज़ का हो सकता है। यदि आपके साथ इनमें से एक से अधिक हैं, तो स्थिति का आकलन करें। वह कौन होगा? अपना पसंदीदा चुनें।' इंस्टाग्राम पर पांच लाख से ज़्यादा बार देखे जा चुके इस वीडियो ने कई लोगों को प्रभावित किया है। कई यूज़र्स ने इस क्रिएटिव डिलीवरी की सराहना की और इसे लोगों को वास्तव में सुनने के लिए प्रेरित करने का एकमात्र तरीका बताया।
इस वीडियो पर कई यूजर्स ने प्रतिक्रिया भी दी। एक यूजर ने कहा कि, 'इससे उड़ने से डरने वाले व्यक्ति को बेहतर महसूस होगा।' दूसरे ने सुरक्षा निर्देशों को महत्वहीन बनाने के बारे में चिंता जताई, खासकर ऐसी स्थिति में जहां हर सेकंड मायने रखता हो। एक यूजर ने कहा कि, 'आपातकालीन परिस्थितियां हंसी-मज़ाक की बात नहीं हैं। जब तक कोई वास्तविक संकट न हो, तब तक यह सब मज़ेदार है।'
