सोशल मीडिया पर आए दिन कोई ना कोई ट्रेंड चल पड़ता है। आइस बाथ से लेकर कई वायरल चैलेंज अब तक ट्रेंड का हिस्सा रह चुके हैं। हाल में इन दिनों एक अजीबो-गरीब ट्रेंड सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रहा है जिसका वीडियो भी सामने आया है। वायरल हो रहा यह वीडियो चीन का बताया जा रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि लोग पानी से भरे पूल में लाल मिर्च डालकर बड़े ही आराम से नहा रहे हैं। वीडियो के वायरल होते ही लोगों के मन में बस एक ही सवाल है कि ये लोग भला ऐसा क्यों कर रहे हैं, क्या इन्हें कोई समस्या नहीं हो रही?
मिर्ची, दूध और सब्जियों वाला स्पा, जानिए क्या है माजरा
वीडियो में दिख रहा यह नजारा चीन के हेइलोंगजियांग प्रांत की राजधानी हार्बिन शहर का बताया जा रहा है, जिसे ‘आइस सिटी’ भी कहा जाता है। यहां मौजूद ‘मैपल लीफ विलेज हॉट स्प्रिंग रिसॉर्ट’ में एक अनोखा स्पा बनाया गया है, जो मशहूर चाइनीज डिश ‘हॉटपॉट’ की थीम पर तैयार किया गया है। इस स्पा पूल को दो हिस्सों में बांटा गया है। एक हिस्से में लाल रंग का पानी है, जिसमें लाल मिर्च और जलपीनो डाले गए हैं। दूसरे हिस्से में दूधिया सफेद पानी है, जिसमें गोजी बेरी, लाल खजूर और सब्जियां मिलाई गई हैं।
लोगों ने बताया अजीबोगरीब स्पा थेरेपी का अनुभव
लोग इस पूल में बैठकर नहाते हैं और इसे एक अलग तरह का अनुभव मानते हैं। कुछ लोगों का कहना है कि मिर्ची वाला पानी शरीर में खून के बहाव को तेज करता है और ठंड में गर्माहट देता है। वहीं, दूध वाला पानी त्वचा को मुलायम बनाने में मदद करता है। इस वीडियो को ट्रैवल व्लॉगर जॉर्डन एग्बर्ट ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इसके बाद से लोग जमकर इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग इसे एडवेंचर और मजेदार अनुभव बता रहे हैं, जबकि ज्यादातर लोग इसे “खुद को सजा देने” जैसा कह रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “ये स्पा नहीं, खुद को उबालने जैसा है।” वहीं दूसरे ने मजाक में कहा, “चीन में कुछ भी हो सकता है।”
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
