इस दुनिया में कई तरह के बड़े और खतरनाक सांप पाए जाते हैं, लेकिन हाल ही में इंडोनेशिया के जंगल में दुनिया का सबसे लंबा और विशालकाय अजगर मिला, जिसका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के पन्नों में दर्ज हो गया। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने इस अजगर को अब तक का सबसे लंबा जंगली अजगर बताया है।
ये है दुनिया का सबसे लंबा सांप
यह विशालकाय अजगर इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप के मारोस इलाके में मिला था। जनवरी के अंत में जब एक्सपर्ट्स ने इसकी जांच की, तो इसकी लंबाई 7.22 मीटर पाई गई। यह अजगर मादा है और इसका नाम “इबू बैरोन” रखा गया है। इस मादा अजगर का वजन साढ़े 96 किलो दर्ज किया गया है।
अजगर को पूरे होश में सीधा फैलाकर मापा गया
इस अजगर को मापते समय का वीडियो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने अपने इस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है, जिसमें बताया गया है कि अजगर को मापते समय उसे बेहोश नहीं किया गया, क्योंकि इससे उसकी जान को खतरा हो सकता था। इसलिए उसे सावधानी से सीधा फैलाकर नापा गया। इस अजगर की माप लेने के लिए गिनीज की तरफ से अनुभवी विशेषज्ञों की टीम ने इस जिम्मेदारी को निभाया। माप लेने के लिए टीम जल्द ही मौके पर पहुंच गई थी, क्योंकि अजगर को भीड़ से खतरा हो सकता था। अक्सर लोग डर के कारण ऐसे बड़े सांपों को मार देते हैं।
घने जंगलों में इससे भी बड़े सांप हो सकते हैं: वैज्ञानिक
फिलहाल, इबू बैरोन को संरक्षणवादी बूदी पुरवांतो के निजी सैंक्चुअरी में सुरक्षित रखा गया है। यहां उसकी देखभाल की जा रही है और उसे प्राकृतिक माहौल दिया गया है। इससे पहले सबसे लंबा अजगर 6.95 मीटर का था, जिसे 1999 में बोर्नियो में रिकॉर्ड किया गया था। इबू बैरोन ने यह रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वैज्ञानिकों का मानना है कि अभी भी घने जंगलों में इससे भी बड़े सांप हो सकते हैं।
