आमतौर पर लोग इंजेक्शन के डर से कोसों दूर भागते हैं। अगर कोई बीमार पड़ता है तो वह इंजेक्शन लगवाने के बजाय दवाइयां लेने पर ज्यादा जोर देता है। वजह सिर्फ ये है कि ऐसे लोगों को इंजेक्शन से काफी डर लगता है। अगर किसी कारण वश उन्हें इंजेक्शन लगता भी है तो उनका डर उन पर इतना हावी हो जाता है कि वे इंजेक्शन के दौरान कई तरह के मुंह बनाने लगते हैं, कई लोग तो रोने भी लगते हैं। बच्चे तो बच्चे लेकिन आलम ये है कि इंजेक्शन का खौफ बड़ों-बड़ों को भी डर के मारे हिलाकर रख देता है।
बच्ची ने बड़ी प्यार से लगवाया इंजेक्शन
मगर हाल में ही सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो (Video) देखने को मिला, जिसे देखकर लोग अपनी आंखों पर यकीन नहीं कर पाए। इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक छोटी सी बच्ची ने वो कर दिखाया जिसे करने से बड़े-बड़े लोगों की भी रूह कांप जाती है। जी हां! वीडियो में आप देख सकते हैं कि वह छोटी सी बच्ची बिना डरे और बिना रोए बहुत ही प्यार से अपनी दोनों हाथों में इंजेक्शन लगवा रही है। जहां इजेक्शन का नाम सुनकर बड़ों-बड़ों की हालत खराब हो जाती है, वहीं इस दौरान इस छोटी सी बच्ची का कॉन्फिडेंस लोगों की उम्मीद से भी परे निकली।
इंजेक्शन लगने के बाद भी बच्ची के चेहरे पर कोई भाव ही नहीं
वायरल वीडियो (Viral Video) में आप देखेंगे कि कैसे डॉक्टर बच्ची के एक हाथ में इंजेक्शन लगा रहे हैं। ऐसे में बच्ची बिल्कुल शांत खड़ी दिख रही है। वह इंजेक्शन को देख ना तो रो रही है, ना डर रही है और ना ही उसके चेहरे पर किसी तरह की घबराहट देखने को मिल रही है। इतना ही नहीं, उस बच्ची के चेहरे पर इंजेक्शन को देखने के बाद किसी तरह का भी भाव नजर नहीं आ रहा है। उसे देख ऐसा लग रहा है जैसे इंजेक्शन लगवाना उसका रोज का काम है। ऐसे ही वह अपने दूसरे हाथ में भी बिना किसी झिझक के तुरंत इंजेक्शन लगवा लेती है।
वीडियो देख लोग हुए हैरान
सोशल मीडिया पर इस बच्ची का यह वीडियो इस वक्त जमकर वायरल हो रहा है। हमने इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर पोस्ट @interestinggaff नामक अकाउंट से लिया है। जिसे अब तक 6 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा और 7800 लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी सामने आए हैं। जहां कई लोगों ने बच्ची के इस वीडियो पर हैरानी जताई तो वहीं, कुछ अन्य लोगों ने इंजेक्शन को लेकर अपने डर के बारे में बताया। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "हमसे तो ये बिल्कुल भी नहीं हो पाएगा।" दूसरे ने लिखा, "नहीं ये नहीं हो सकता, कोई कह दो कि यह झूठ है।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
