टीवी मसाला

देह व्यापार का चल रहा गंदा खेल, ग्राहक बनकर Thane पुलिस ने TV एक्ट्रेस को बचाया; पढ़ें INSIDE स्टोरी

  • Authored by: अभय
  • Updated Oct 11, 2026, 05:43 PM IST

महाराष्ट्र के ठाणे में टीवी इंडस्ट्री से जुड़ी एक एक्ट्रेस को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद मनोरंजन जगत में हड़कंप मच गया है। तो चलिए जानते हैं पूरा मामला क्या है।

Image

टीवी एक्ट्रेस को पुलिस ने बचाया (Image Source: AI)

Thane Police Action Save Tv Actress: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से मनोरंजन जगत से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने मानव तस्करी और देह व्यापार के कथित रैकेट का खुलासा करते हुए हिंदी टीवी सीरियल और वेब सीरीज में काम कर चुकी 35 साल की एक्ट्रेस को बचाया है। पुलिस के मुताबिक, इस कथित गिरोह के निशाने पर मनोरंजन जगत से जुड़ी महिलाएं थीं। आरोप है कि उन्हें काम दिलाने का झांसा देकर देह व्यापार में धकेला जाता था। इस मामले में एक 39 साल महिला को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके कथित पुरुष सहयोगी की तलाश जारी है। पुलिस की यह कार्रवाई एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) से मिली जानकारी के आधार पर की गई।

NGO की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को 8 अक्टूबर को एक एनजीओ से सूचना मिली। एनजीओ ने मीरा-भायंदर रोड पर स्थित एक होटल में एक नकली ग्राहक भेजा था। इसके बाद पुलिस ने वहां छापा मारा और तबस्सुम उर्फ सोनिया उमर कुरैशी (39) नाम की एक महिला को पकड़ा। उस पर महिलाओं को कथित तौर पर वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर करने और इसके बदले पैसे लेने का आरोप है। पुलिस की ओर से जारी बयान में ये भी बताया गया कि बचाई गई एक्ट्रेस को मुंबई के रेस्क्यू फाउंडेशन में सुरक्षा के तहत रखा गया है। पुलिस ने उस एक्ट्रेस के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी। पुलिस के मुताबिक, कुरैशी और एक पुरुष कथित तौर पर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की महिलाओं को वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर करते थे। इनमें खास तौर पर टीवी सीरियल, वेब सीरीज और फोटोशूट में काम करने वाली महिलाएं शामिल थीं। कुरैशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 143 (मानव तस्करी) और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में पकड़ी गई महिला मूल रूप से छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की रहने वाली है। फिलहाल वो मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में रह रही थी। पुलिस अब उसके पुरुष साथी को पकड़ने की कोशिश कर रही है।

फरवरी 2026 में ठाणे में सेक्स रैकेट का हुआ था भंडाफोड़

फरवरी 2026 में महाराष्ट्र के ठाणे के वागले एस्टेट इलाके में एक होटल से कथित तौर पर सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में एक हिंदी वेब सीरीज की एक्ट्रेस को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने इस मामले में 40 और 48 साल की दो महिलाओं को बचाया था। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर ग्राहकों से मोटी रकम वसूलती थी और उन्हें टीवी कलाकारों तथा एक्ट्रेस की सेवाएं दिलाने का वादा करती थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी व्हाट्सऐप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करती थी और टीवी कलाकारों के शामिल होने का दावा करते हुए 25,000 रुपये की मांग करती थी। हर सौदे में से वो कथित तौर पर 15,000 रुपये कमीशन के तौर पर रखती थी। बयान में उसने बताया था कि वो बिहार में अपने परिवार का खर्च उठाने के लिए इस धंधे में आई थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने एक्ट्रेस के खिलाफ मामला दर्ज किया और 11,610 रुपये की कीमत का सामान जब्त किया। इसमें दो मोबाइल फोन भी शामिल थे, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर इस रैकेट को चलाने के लिए किया जाता था।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article