देश

'CJP ने कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं...', दिल्ली पुलिस ने दीपके का VIDEO किया जारी; कहा- हरसंभव मदद की पेशकश भी की

CJP Protest: दिल्ली पुलिस ने सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके का वीडियो जारी किया। डीसीपी नेहा यादव ने बताया कि अधिकारियों ने दीपके को दादी के निधन की दुखद जानकारी दी और हरसंभव मदद मुहैया कराने की पेशकश भी की थी।

Image

सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके

Photo : ANI

CJP Protest: दिल्ली पुलिस ने रविवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके का वीडियो जारी किया। डीसीपी नेहा यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि दीपके की दादी के निधन की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें यह दुखद समाचार दिया और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की पेशकश भी की थी।

बकौल डीसीपी नेहा यादव, पुलिस अधिकारियों ने दीपके से पूछा कि क्या उन्हें फ्लाइट टिकट, फोन कॉल या किसी अन्य तरह की मदद की जरूरत है। अधिकारियों ने उनसे कई बार यह भी पूछा कि क्या वह अपने माता-पिता से बात करना चाहते हैं, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।

प्रदर्शन की क्यों नहीं मिली अनुमति?

सीजेपी के प्रस्तावित धरने को लेकर डीसीपी नेहा यादव ने कहा, ''पिछले रिकॉर्ड से पता चलता है कि सीजेपी कानून और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने में विफल रही। जब पहले प्रदर्शन की अनुमति दी गई थी, तो उन्होंने कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया।

बकौल डीसीपी नेहा यादव, उस दौरान जुटी भीड़ ने बड़े पैमाने पर पत्थरबाजी, आगजनी और हिंसा की थी, जिससे सार्वजनिक संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा था।

BNSS की धारा 133 लागू

उन्होंने कहा कि जनपथ पर प्रस्तावित धरने की अनुमति निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं करने, पहले कानून और दिशा-निर्देशों के उल्लंघन तथा मौजूदा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा के लिए, शहर के कई इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 133 लागू की गई थी। इसके तहत किसी भी तरह की सभा या प्रदर्शन पर रोक लगाई गई थी।

बकौल डीसीपी, जनपथ पर प्रदर्शन का आह्वान करने के मामले में अभिजीत दीपके और उनके दो साथियों को 10 अक्टूबर को हिरासत में लिया गया था। बकौल अधिकारी, प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं मिली थी, इसलिए यह कार्रवाई की गई।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article