सोशल मीडिया पर एक वीडियो इस वक्त खूब वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला ने अपने सोफे को अच्छे से धोया और उसे सूखने के लिए घर के बाहर धूप में सड़क किनारे रख दिया। लेकिन थोड़ी ही देर में कचरा उठाने वाले सफाईकर्मी आए और उस सोफे को कचरा समझकर उसे कचरे वाली गाड़ी में डाल दिया और वहां से चले गए।
सोफा सूखने के लिए छोड़ा था घर के बाहर
यह पूरा मजेदार वाकया घर के पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला काफी मेहनत से सोफे को पानी से साफ कर रही है। साबुन-पानी और ब्रश रगड़-रगड़कर वह सारे दाग-धब्बे मिटा रही है। इतना सब करने के बाद वह उसे धूप में अच्छे से सूखने के लिए बाहर रख देती है। सोफे को सूखने के लिए छोड़कर महिला वापस अपने घर के अंदर चली जाती है। इसके बाद ठीक उसी समय कचरा उठाने वाली गाड़ी वहां पर आ जाती है।
कचरा समझकर ले गए सफाईकर्मी
गाड़ी से उतरे सफाईकर्मियों ने सोफे को देखा। सोफा बिल्कुल चमकदार, साफ-सुथरा और बिना कोिसी टूटे-फूटे भाग के था, लेकिन चूंकि यह सड़क पर अकेला पड़ा था, तो उन्होंने इसे पुराना फेंका हुआ सामान मान लिया। फिर दो-तीन लोग मिलकर उसे उठाते हैं और सोफे को ट्रक में डाल देते हैं। ट्रक में लगी मशीन पहले उस सोफे को तोड़ती है, फिर उसे ट्रक के अंदर बने चैंबर में डाल देती है।
वीडियो हुआ वायरल
जब महिला बाहर आई तो देखा कि सोफा गायब है। पहले तो उसे समझ नहीं आया, फिर शायद CCTV या मोबाइल से रिकॉर्डिंग देखकर पता चला कि उनका मेहनत से साफ किया हुआ सोफा अब कचरा ट्रक में जा चुका है। इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @gharkekalesh नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक हजारों की संख्या में लोगों ने देखा और लाइक किया है।
सोशल मीडिया पर लोगों के मजेदार रिएक्शन
वीडियो को देखने के बाद ज्यादातर लोग हंस-हंसकर लोट-पोट हो रहे हैं। लोगों ने वीडियो पर कई मजेदार कमेंट्स भी किए हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "बहुत अच्छे से साफ किया था इसलिए कचरा समझ लिया।" दूसरे ने लिखा, "अब से मैं सोफा धोकर अंदर ही सूखाऊँगा।" तीसरे ने लिखा, "सफाईकर्मी ने सोचा होगा – वाह, आज तो अच्छा माल मिल गया।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
