वायरल न्यूज़

VIDEO: शख्स ने हादसे में खो दिए अपने दोनों पैर, अब सिर्फ हाथों के सहारे चढ़ा दुनिया का सबसे ऊंचा पहाड़

हादसे में दोनों पैर गंवा चुके एक शख्स ने वह काम कर दिखाया है, जिसे सुनने के बाद लोग हैरान रह गए। अब सोशल मीडिया पर इस शख्स की बहादुरी की खूब वाहवाही हो रही है।

Image

हाथों के दम पर माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई करते रुस्तम नाबिएव (X/@rs_sputnik)

कई लोगों के साथ उनकी किस्मत बहुत ही नाइंसाफी करती है। जहां कुछ लोग अपनी बुरी किस्मत को देख टूट जाते हैं तो वहीं, कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जो किसी भी सूरत में हार नहीं मानते और वे हर स्थिति में खुद को मजबूत बनाए रहते हैं। शायद ऐसे ही लोगों को देखकर यह कहा जाता है कि अगर हौसला मजबूत हो, तो कोई भी मुश्किल बड़ी नहीं होती। आज सोशल मीडिया पर एक ऐसे ही शख्स की कहानी इस वक्त खूब वायरल हो रही है। जहां इस शख्स ने यह साबित कर दिखाया है कि चाहे हालात कितने भी बुरे क्यों ना हो, अगर आपका ध्यान अपने लक्ष्य पर है तो उसे हासिल करने से आपको कोई नहीं रोक सकता।

हादसे में गंवाए अपने दोनों पैर

हम बात कर रहे हैं रूस के पर्वतारोही रुस्तम नाबिएव की। जिन्होंने बिना पैरों के, सिर्फ अपने हाथों के सहारे दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह कर लिया। फिलहाल उनका यह वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसे सोशल साइट एक्स पर @rs_sputnik नामक अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो (Video) के साथ रुस्तम नाबिएव की दर्दनाक कहानी भी शेयर की गई है। जहां बताया गया है कि रुस्तम ने साल 2015 में एक दर्दनाक हादसे में अपने दोनों पैर गंवा दिए थे। यह हादसा तब हुआ था जब वे एक इमारत में सो रहे थे और इसी दौरान इमारत अचानक गिर गई और इस हादसे में रुस्तम ने अपने दोनों पैर गंवा दिए।

हादसे के बाद बदली जिंदगी

इस हादसे के बाद रुस्तम की जिंदगी पूरी तरह से बदल गई। उन्होंने हार मानने के बजाय खुद को और मजबूत बनाया। रुस्तम ने पहले मन बनाया कि उन्हें क्या करना है? फिर इसके बाद उन्होंने पहले छोटे-छोटे पहाड़ों पर चढ़ाई शुरू की। इसके बाद जब उन्होंने छोटे-छोटे पहाड़ों को फतह कर लिया तब उन्होंने माउंट एल्ब्रस और माउंट मानस्लू जैसे ऊंचे पहाड़ भी फतह किए और अब उन्होंने अपना सबसे बड़ा सपना पूरा कर दिखाया है। उनका सपना था दुनिया का सबसे ऊंचा पहाड़ माउंट एवरेस्ट को फतह करना। जो उन्होंने कर दिखाया है।

हाथ के दम पर नाबिएव ने फतह किया माउंट एवरेस्ट

मई 2026 में उन्होंने अपने 34वें जन्मदिन पर माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई शुरू की और उन्होंने यह पूरी चढ़ाई बिना पैरों के अपने हाथों के दम पर किया। अपने हाथों की ताकत के बदौलत रुस्तम नाबिएव ने माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचकर इतिहास रच दिया। उनकी इस सफलता के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो खूब वायरल हो रहा है। लोग इस वायरल वीडियो (Viral Video) को देख उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। अपने इस मुकाम को पाने के बाद रुस्तम ने खुद कहा कि “जब तक जिंदगी है, तब तक लड़ते रहो।”

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article