Viral News: खाने-पीने के मामले में भारत के लोगों का जवाब नहीं। यहां हर दूसरे शहर में खाने-पीने का हिसाब-किताब बदल जाता है। हर जगह तमाम तरह के डिशेज़ खाने को मिलते हैं। यहां सुबह के नाश्तों की वैरायटी भी सैकड़ों में मिल जाएंगी आपको। उनमें से एक है पोहा, जो भारत के कई राज्यों में नाश्ते का एक अच्छा विकल्प है और लोग इसे बहुत चाव से खाते हैं। पोहा के दीवाने भी आपको हर गली मिल जाएंगे। लेकिन फिर भी यह बात बहुत ही कम लोगों को पता होगी कि आज विश्व पोहा दिवस (World Poha Day) है।
नागपुर में बना 3000 किलो पोहा
इसी मौके पर महाराष्ट्र के नागपुर (Nagpur) में एक खास आयोजन देखने को मिला। जहां भारत के मशहूर शेफ विष्णु मनोहर (Vishnu Manohar) ने 3000 किलो तर्री पोहा बनाकर सबको हैरान कर दिया। फिलहाल इसका वीडियो (Video) इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में शेफ को एक कढ़ाई में 3000 किलो पोहा बनाते देखा जा सकता है। शेफ को कढ़ाई में करछी चलाते हुए पोहा तैयार करते हुए आप देख सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े:
शेफ ने बताया- कैसे बनता है तर्री पोहा?
इस आयोजन पर शेफ विष्णु मनोहर का कहना है कि वे दुनिया को यह दिखाना चाहते हैं कि नागपुर का पोहा सिर्फ एक आम नाश्ता नहीं, बल्कि यहां की शान है। तर्री पोहा, नागपुर की एक खास डिश है, जिसे हर कोई नहीं जानता। इसमें पोहे के साथ एक खास तरह की ग्रेवी यानी “तर्री” डाली जाती है। यह तर्री देसी चने से बनाई जाती है, जो प्रोटीन से भरपूर होता है। यही वजह है कि इसका स्वाद भी अलग होता है और यह सेहत के लिए भी अच्छा माना जाता है।
नागपुर की शान ‘तर्री पोहा’
इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और सभी ने इस खास पोहे का स्वाद लिया। इतना सारा पोहा बनाना अपने आप में एक रिकॉर्ड जैसा था। 3000 किलो पोहा तैयार करना आसान काम नहीं है, लेकिन शेफ और उनकी टीम ने मिलकर इसे बहुत अच्छे से बनाया। आगे शेफ विष्णु मनोहर ने कहा कि जो भी नागपुर आता है, उसे एक बार तर्री पोहा जरूर ट्राई करना चाहिए। यह सिर्फ खाना नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति और पहचान का हिस्सा है। सोशल मीडिया पर भी इस इवेंट की खूब चर्चा हो रही है। लोग इस अनोखे आयोजन की तारीफ कर रहे हैं और नागपुर के इस खास पोहे के बारे में जानने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
ANI इनपुट के साथ
