भारतीय रेल में भीड़ तो देखते ही बनती है। मजाल हो कि आप किसी भी ट्रेन के जनरल कोच में आराम से बैठकर चले जाएं। 150 करोड़ की आबादी वाले इस देश में हर रोज लाखों लोग ट्रेन से सफर करते हैं, और ऐसे में जनरल बोगी के अंदर अगर किसी को बैठने के लिए सीट मिल जाए तो समझिए उसकी किस्मत उस दिन बुलंदी पर रही होगी।
जनरल कोच में खचाखच भरी होती लोगों की भीड़
जनरल कोच के अंदर लोग सीट के लिए मारामारी तक कर लेते हैं लेकिन फिर भी वे चैन से अपना सफर पूरा नहीं कर पाते। ऐसे में एक लड़के को ट्रेन के जनरल कोच में ना सिर्फ बैठकर बल्कि लेटकर यात्रा करते हुए दिखाया गया, और ये ऐसे ही संभव नहीं हुआ। इसके लिए लड़के ने बहुत ही तगड़ा दिमाग लगाया है। लड़के का यह जुगाड़ फिलहाल सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
जुगाड़ से जनरल कोच में लेटकर गया लड़का
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक लड़का जो ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पर आया होता है। यहां पर वह अपने बैग से कुछ बैंडेज और रूई निकालता है और फिर उनमें घाव को सुखाने वाली क्रीम लगाता है। फिर उस बैंडेज को अपने पैर में बांध लेता है। इतना ही नहीं, अपने-आप को ज्यादा चोटिल दिखाने के लिए वह अपने पेट में भी बैंडेज लपेट लेता है। इसके बाद वह लंगड़ाते हुए ट्रेन के जनरल बोगी में चढ़ जाता है, जहां लोग उसके प्रति सहानुभूति दिखाते हुए उसके लिए ऊपर की बर्थ खाली कर देते हैं और फिर वह आराम से लेटकर भीड़-भाड़ वाले जनरल कोच में सफर करता है।
वीडियो पर लोगों के कमेंट्स
इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @noughty_flix नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है। वीडियो पर कई लोगों ने कमेंट भी किया है। जहां अधिकतर लोगों का मानना है कि वीडियो बनाने का उद्देश्य समाज को सही मैसेज देना होना चाहिए। अगर अपनी जिंदगी में कुछ सही नहीं कर सकते तो कम से कम कुछ गलत भी ना करें। इस वीडियो को देखने के बाद लोगों का लाचार लोगों पर से भरोसा उठ जाएगा। यदि वास्तव में कोई ऐसी विषम परिस्थिति से जूझ रहा होगा और किसी से मदद की उम्मीद करेगा, तो क्या लोग उस पर भरोसा करेंगे? क्या लोग कभी उस व्यक्ति की पीड़ा को समझ पाएंगे?
