ट्रैफिक चालान से बचने के चक्कर में लोग कई बार ऐसी हरकत कर बैठते हैं, जो उनकी और दूसरों की जान के लिए खतरा बन जाती है। उत्तराखंड के रुड़की से एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो मको लेकर बताया जा रहा है कि यहां पुलिस की चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार ने अचानक अपनी मोटरसाइकिल मोड़ दी। जहां पीछे बैठी उसकी पत्नी संतुलन खो बैठी और सड़क पर गिर गई। हैरानी की बात यह रही कि चालान से बचने के लिए वह बाइक सवार अपनी पत्नी के गिरने के बाद भी नहीं रुका और वहां से अपनी बाइक लेकर निकल गया। इस वीडियो को सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म पर खूब शेयर किया जा रहा है। हमने इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर पोस्ट करने वाले @PhoolSi83078631 नाम के अकाउंट से लिया है। जिसे हजारों लोगों ने देखा और लाइक किया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
पुलिस को देखकर अचानक मोड़ दी बाइक
वीडियो (Video) में दी गई जानकारी के मुताबिक, यह घटना रुड़की के त्रिशूल चौक की बताई जा रही है। यहां पुलिस बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और हेलमेट नहीं पहनने वाले लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखकर बाइक सवार ने रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद उसने अचानक मोटरसाइकिल मोड़ने की कोशिश की। बाइक पर उसकी पत्नी भी पीछे बैठी हुई थी। अचानक हुए इस मोड़ के कारण महिला अपना संतुलन नहीं संभाल पाई और सड़क पर गिर गई।
पत्नी गिरी, फिर भी नहीं रोकी बाइक
वीडियो (Video) का सबसे हैरान करने वाला हिस्सा इसके बाद सामने आता है। महिला के सड़क पर गिरते ही बाइक सवार को रुककर उसकी मदद करनी चाहिए थी, लेकिन वह मोटरसाइकिल लेकर आगे निकल गया। उसने यह देखने की भी कोशिश नहीं की कि उसकी पत्नी को चोट लगी है या नहीं। वहीं, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी महिला की मदद के लिए दौड़े। घटना को वहां मौजूद एक राहगीर ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर सामने आया और लोग इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं देने लगे।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
