नवरात्र का पावन पर्व पूरे देश में बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। देश में जगह-जगह पर दुर्गा पंडाल बनाकर भक्त मां दुर्गा की पूजा-आराधना कर रहे हैं। कई जगहों पर देवी-देवताओं की झांकियां भी निकाली जा रही हैं। देवी मां की भक्ति सोशल मीडिया से भी अछूती नहीं रही है। हाल में भक्ति का एक ऐसा नजारा सोशल मीडिया पर सामने आया जिसे देख लोगों का मन भक्ति भाव से झूम उठा।
धूमधाम से निकली झांकी
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा गया कि सड़क पर देवी मां की झांकियां निकाली जा रही हैं। लाइट और साउंड से पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है। मां के कई भक्तों ने देवी-देवताओं का रूप धारण किया हुआ है। इस धूमधाम से निकली झांकी को देखने के लिए लोग सड़कों पर उमड़े हुए हैं। लोग अपने मोबाइल कैमरों से वीडियो बना रहे हैं। ऐसे में एक शख्स के कैमरे का फोकस वहां टिका रह गया जहां एक बच्चा झांकी में देवी मां बनीं एक महिला के पैरों में जा गिरा।
देवी मां को देख चरणों में गिर पड़ा बच्चा
बच्चे को लगा कि धरती पर सचमुच मां देवी उतर आई हैं। ऐसे में वह देवी मां के चरणों में गिर पड़ा और उन्हें विनम्रतापूर्वक पूर्वक प्रणाम करने लगा। यह नजारा देख देवी मां बनी महिला ने एक मां की तरह ही बड़े प्यार से बच्चे को उठाया और दुलार से उसके सिर को सहलाने लगी, जैसे कि एक मां अपने बच्चे के सिर को सहलाती है। बच्चा देवी मां के पास ही हाथ जोड़े खड़ा रहता है। कुछ देर बाद देवी मां बनी महिला बच्चे के हाथ में प्रसाद के तौर पर कुछ रखती है और बच्चा उसे मां का आशीर्वाद समझकर अपने पास रख लेता है।
वीडियो पर लोगों ने किए भावुक कमेंट्स
इस वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @idioticfeeds123 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है। वीडियो पर कई लोगों के कमेंट्स भी सामने आए हैं। जहां कई लोगों ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "मां तो आखिर मां ही होती है।" ऐसे ही एक अन्य यूजर ने लिखा, "इसे देखकर आंख और दिल दोनों भर आया।" दूसरे ने लिखा, "मुझे तो इनकी इसी वेशभूषा में और जब उन्होंने बालक को कुछ दिया तो उसी में माता रानी के दर्शन हो गए। आज सच में मैंने माता रानी के दर्शन कर लिए।"
