इस धरती पर तरह-तरह के लोग रहते हैं। कोई अजीबोगरीब हरकत करता है, तो कोई ऐसा कारनामा कर दिखाता है, जिसे देखकर लोग हैरान रह जाते हैं। इन दिनों एक ऐसे ही शख्स का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि एक शख्स सड़क पर स्कूटी चलाने के बजाय डिवाइडर पर ही अपनी स्कूटी को दौड़ाता दिख रहा है। जिसे देखने के बाद कई लोगों को वीडियो गेम GTA की याद आ गई। इस वीडियो को देख कुछ लोग शख्स के बैलेंस की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ इसे खतरनाक हरकत भी बता रहे हैं।
डिवाइडर पर स्कूटी लेकर चढ़ गया शख्स
आमतौर पर सड़क पर बने डिवाइडर इसलिए होते हैं ताकि सड़क पर चलने वाले वाहनों को आने-जाने में कोई दिक्कत ना हो और ट्रैफिक बिल्कुल आराम से चलता रहे। इससे ट्रैफिक व्यवस्थित रहती है और सड़क पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा बनी रहती है लेकिन यहां इस वायरल वीडियो में एक स्कूटी सवार ने डिवाइडर को ही अपना रास्ता बना लिया। वीडियो में आप देख सकते हैं कि शख्स सामान्य सड़क को छोड़कर अपनी स्कूटी डिवाइडर पर चढ़ाकर चला रहा है। इतना ही नहीं आप देख सकते हैं कि शख्स डिवाइडर पर अपनी स्कूटी को सिर्फ चला नहीं रहा बल्कि उसे तेज दौड़ा रहा है। इतनी कम चौड़ाई वाली डिवाइडर होने के बाद भी शख्स उस पर बैलेंस बनाकर तेजी से अपनी स्कूटी दौड़ा रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
स्कूटी सवार को देख लोगों को याद आया GTA
इस वीडियो (Video) को सोशल साइट एक्स पर @IndianTechGuide नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक हजारों लोगों ने देखा और लाइक किया है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर मजेदार कमेंट करने शुरू कर दिए। जहां कई लोगों ने शख्स की इस हरकत को GTA गेम से जोड़ दिया। वीडियो के कैप्शन में भी 'ब्रो प्लेइंग GTA' यानी 'भाई GTA खेल रहा है' जैसी बात कही गई है। दरअसल, GTA यानी ग्रैंड थेफ्ट ऑटो गेमिंग की दुनिया का एक मशहूर वीडियो गेम है। इसमें गेम का लीड कैरेक्टर कार, बाइक और दूसरे वाहनों को कहीं भी चलाने लगता है। इस गेम की ग्राफिक्स कुछ इस तरह की होती है कि गेम के दौरान ये कैरेक्टर कई तरह की अजीबोगरीब हरकतें करते हुए भी नजर आता है।
किसी ने की बैलेंस की तारीफ, तो किसी ने बताया खतरनाक
वीडियो (Video) पर कुछ यूजर्स शख्स के बैलेंस की तारीफ करते नजर आए। उनका मानना है कि इतनी संकरी जगह पर स्कूटी चलाना आसान नहीं है। वहीं, कुछ लोगों के लिए यह नजारा मनोरंजक होने के साथ-साथ चिंता की वजह भी है। डिवाइडर पर स्कूटी चलाते समय जरा-सी चूक होने पर वाहन का संतुलन बिगड़ सकता है। इससे स्कूटी सवार गिरकर चोटिल हो सकता है। आसपास दूसरे वाहन मौजूद हों, तो दुर्घटना का खतरा और बढ़ सकता है।
असली सड़क पर स्टंट करना पड़ सकता है भारी
सोशल मीडिया (Social Media) पर ऐसे वीडियो भले ही लोगों को हंसने और कमेंट करने का मौका देते हों, लेकिन सड़क पर इस तरह के स्टंट करना समझदारी नहीं है। सड़क पर चलते समय अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरे लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना जरूरी है। फिलहाल, डिवाइडर पर स्कूटी दौड़ाते शख्स का यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। किसी को यह GTA गेम जैसा लग रहा है, तो कोई इसे जोखिम भरा कारनामा बता रहा है, लेकिन एक बात साफ है कि वीडियो गेम में स्टंट करना और असली सड़क पर जोखिम उठाना, दोनों बिल्कुल अलग बातें हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
